शासकीय सांदीपनी उमावि सन्नौड़ में प्रवेशोत्सव
6 विद्यालयों का विलय, विद्यार्थियों व शिक्षकों का हुआ स्वागत
बरोठा (अमर चौधरी)। नवीन सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर प्रवेशोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार द्वारा तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी।
वर्तमान में सांदीपनि विद्यालय के आसपास के 6 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों का सांदीपनि विद्यालय में विलय किया गया है, जिनके शिक्षक अब विद्यालय परिवार का एक अहम हिस्सा बन गए हैं। इसी क्रम में नवीन सत्र के अवसर पर इन शिक्षकों का भी पुष्पहार द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा उन्हें विद्यालय परिवार में सम्मिलित होने की शुभकामनाएं दी गई। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उल्लास और आनंद का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य मेहरबानसिंह पारसनिया, माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश पटेल, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र मुकाती एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था।




