विश्व पर्यावरण दिवस पर तुकोजीराव स्पोर्ट्स पार्क में किया पौधारोपण

– नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया
देवास। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तुकोजीराव स्पोर्ट्स पार्क में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आम, नीम एवं पीपल जैसे छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रेस क्लब अध्यक्ष ललित शर्मा, अतुल बागलीकर और खुमानसिंह बैस ने किया। पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कार्यकर्ता बुद्धसेन पटेल ने इस मौके पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा, धरती को हरा-भरा बनाए रखना सिर्फ आज की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करने का कर्तव्य भी है। हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो हम जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती से मुकाबला कर सकते हैं। पर्यावरण का संरक्षण सिर्फ सरकार की नहीं, हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उपस्थितजनों ने पौधों की देखरेख का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आईडीबीआई बैंक से रोहितसिंह भदौरिया, श्याम प्रकाश व्यास, राजेंद्र सहित गार्डन के अम्बाराम जायसवाल, लोकेन्द्र गुड़ाबद, मांगीलाल सोलंकी, चूडामणि शर्मा और जानकी सिंह की भी विशेष उपस्थिति रही।
बैंक प्रबंधन ने इस मौके पर सभी नागरिकों और ग्राहकों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अधिक से अधिक पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा बनाएं।




