मुस्लिम समुदाय ने पवित्र माह रमजान के बाद मनाई मीठी ईद

हिंदू-मुस्लिम ने गले मिलकर दी एक-दूसरे को बधाई
भौरासा (मनोज शुक्ला)। नगर में मुस्लिम समुदाय द्वारा रमजान में एक माह तक रोजे रखने के बाद शनिवार सुबह ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
सुबह तालिब शाह वाले बाबा की दरगाह से मुस्लिम समाज द्वारा ईद-उल-फितर का जुलूस निकाला गया। यह जुलूस एमजी रोड से होते हुए नगर स्थित ईदगाह पहुंचा। ईदगाह पर जामा मस्जिद, बड़ा मोहल्ला के पेश इमाम हाफिज आसिफ रजा साहब ने ईद की नमाज अदा कराई। इसी प्रकार नन्हा मोहल्ला मस्जिद के ग्राउंड पर काजी अब्दुल वहाब खान द्वारा नमाज अदा कराई गई।

इमाम आसिफ रजा और काजी अब्दुल वहाब खान ने बताया कि आज ईद का मुकद्दस दिन है। इस दिन हमें अल्लाह का शुक्र अदा करना चाहिए, गरीबों और यतीमों का ख्याल रखना चाहिए तथा एक-दूसरे के साथ मोहब्बत और भाईचारे से जीवन व्यतीत करना चाहिए।
नमाज के पश्चात सभी समाजजनों ने देश और शहर की अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। ईदगाह पर सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के सदस्यों ने भी मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर बधाई दी।

इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा। तहसीलदार एवं भौरासा थाना प्रभारी अनिता सिंह अपने दल-बल के साथ उपस्थित रहीं। दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं। ईद के पर्व को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया। रंग-बिरंगे वस्त्र पहने बच्चे एक-दूसरे के गले मिलकर खुशियां मनाते नजर आए।
इस अवसर पर नगर परिषद कार्यालय के बाहर नगर परिषद अध्यक्ष संजय जोशी, उपाध्यक्ष जय सिंह राणा, बाबूलाल हेडा, पार्षद भादर सिंह भाटिया, सुरेश मालवीय, हीरूलाल चावड़ा सहित अन्य कर्मचारियों द्वारा मुस्लिम शहर काजियों, सरपंचों एवं पार्षदों का साफा बांधकर व पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
वहीं ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर भी शहर काजियों का पुष्पमाला पहनाकर व साफा बांधकर स्वागत किया गया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिथुन यादव, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नगजीराम यादव, दिनेश यादव, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र यादव एवं अनिल जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




