रिलायंस पेट्रोल पंप पर बेहतर प्रबंधन और पर्याप्त स्टॉक के चलते ग्राहकों को मिली सुविधा

– पंप संचालक ने कहा अफवाहों पर ध्यान न दें ग्राहक, पर्याप्त है स्टॉक
देवास (विजेंद्र सिंह ठाकुर)। शहर में मंगलवार को पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों का असर साफ नजर आया, जिसके चलते विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बढ़ती भीड़ के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासन द्वारा बार-बार यह स्पष्ट किया गया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।
मक्सी रोड स्थित हिरा इंटरनेशनल पेट्रोल पंप सहित कई पंपों पर भारी भीड़ देखी गई। यहां लोग जल्द से जल्द ईंधन भरवाने के लिए हड़बड़ी में नजर आए। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा लगातार ग्राहकों से अपील की जा रही थी कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन इसके बावजूद लोगों में असमंजस और बेचैनी बनी रही।
इसी बीच मक्सी रोड स्थित शहर के रिलायंस पेट्रोल पंप पर स्थिति सामान्य और व्यवस्थित देखने को मिली। यह शहर का ऐसा पंप है, जहां पेट्रोल, डीजल के साथ-साथ सीएनजी भी सुचारू रूप से उपलब्ध रही। यहां ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता होने से ग्राहकों को राहत मिली और बिना किसी हड़बड़ी के उन्हें सुविधा प्राप्त हुई।
रिलायंस पेट्रोल पंप के डीलर वरुण अग्रवाल ने बताया कि उनके पंप पर पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई भी लगातार बनी हुई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न करें।
कुल मिलाकर, जहां एक ओर अफवाहों के कारण शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर अव्यवस्था का माहौल बना रहा, वहीं रिलायंस पेट्रोल पंप पर बेहतर प्रबंधन और पर्याप्त स्टॉक के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और लोगों को राहत मिली।




