अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा

- खटांबा के ढाबे से 4 पेटी देशी शराब जब्त
देवास। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर नियंत्रण लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में आबकारी टीम ने एक बार फिर अवैध शराब के कारोबार पर प्रहार किया है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 जनवरी को सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप कनासे के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम द्वारा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में गश्त की गई।
गश्त के दौरान ग्राम खटांबा स्थित एक ढाबे पर दबिश दी गई, जहां से 4 पेटी देशी मदिरा प्लेन अवैध रूप से संग्रहित अवस्था में बरामद की गई। जांच में यह पाया गया कि ढाबा संचालक बिना वैध अनुमति के मदिरा का संग्रहण एवं विक्रय कर रहा था। इस पर ढाबा संचालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
जब्त की गई मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 15 हजार रुपए बताया गया है। आबकारी विभाग ने मौके से शराब जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक प्रेम यादव, आबकारी आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, दीपक, निहाल, आशीष गुप्ता, सैनिक किशोर एवं अनिल अकोदिया शामिल रहे।




