गणतंत्र दिवस पर कृषि उपज मंडी सचिव अरविंद परिहार सम्मानित, भावान्तर योजना व उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए मिला गौरव

देवास। गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कृषि उपज मंडी सचिव अरविंद परिहार को भावान्तर भुगतान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और मंडी की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
जिला मुख्यालय पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कृषि उपज मंडी सचिव अरविंद परिहार को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें किसानों के हित में संचालित भावान्तर भुगतान योजना के सफल संचालन, पारदर्शी व्यवस्थाओं तथा मंडी में बेहतर अनुशासन और सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्री परिहार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि मंडी में किसानों को सुगम वातावरण, समय पर भुगतान, स्वच्छता, व्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके नेतृत्व में मंडी प्रशासन ने निरंतर सुधार करते हुए किसानों और व्यापारियों दोनों के लिए विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार किया है।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात अरविंद परिहार ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि मंडी के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों, किसानों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मंडी हित और किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नवाचार और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा।
समारोह में जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




