खेत-खलियान

बरखेड़ा कोतापाई पहुंचा कृषि रथ

Share
– धर्मेंद्र राजपूत ने दी किसानों को आधुनिक व पर्यावरण अनुकूल खेती की जानकारी
देवास। कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों को उन्नत और लाभकारी खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कृषि रथ लगातार गांव-गांव पहुंच रहा है। इसी कड़ी में गत दिवस कृषि रथ ग्राम बरखेड़ा कोतापाई पहुंचा, जहां किसानों को कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश शासन से सम्मानित कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि नरवाई जलाना खेत और मिट्टी के लिए सबसे घातक है। नरवाई जलाने से मिट्टी में मौजूद उपयोगी जीव-जंतु नष्ट हो जाते हैं, जिससे भूमि की उपजाऊ क्षमता कम होती है और लंबे समय में फसल उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, समय-समय पर मिट्टी परीक्षण कराने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में खेत की मेढ़ों पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है, बल्कि खेतों की मेढ़ मजबूत होती हैं और अतिरिक्त लाभ भी मिलता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राहुल जायसवाल ने शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान, फसल विविधिकरण और उन्नत बीजों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक महेंद्र सिंह, जन अभियान परिषद की ब्लॉक अधिकारी नीलम सोनी, आत्मा से रोहित यादव, कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पूजा बामनिया, अंतिम वासुरे, तथा उद्यानिकी विभाग से प्रतिभा कुशवाह सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Back to top button