खेत-खलियान

भावांतर योजना का सफल क्रियान्वयन, सीहोर मंडी में रिकॉर्ड आवक के बीच भी नहीं आई बाधा

Share

– मंडी सचिव नरेंद्र माहेश्वरी को व्यापारियों ने दिया प्रशंसा पत्र

सीहोर। सोयाबीन के लिए लागू भावांतर भुगतान योजना के सफल समापन के बाद सीहोर कृषि उपज मंडी समिति में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में योजना को दिन-रात मेहनत कर सफल बनाने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। साथ ही व्यापारिक संगठन ने भी मंडी प्रबंधन की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।

सोयाबीन उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा चलाई गई भावांतर भुगतान योजना 24 अक्टूबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक प्रभावी रही। करीब ढाई माह की इस अवधि में सीहोर मंडी में रिकॉर्ड आवक का दबाव बना रहा, लेकिन इसके बावजूद मंडी की व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रहीं। न तो किसानों को और न ही व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़ा।

योजना के समापन अवसर पर आयोजित बैठक में मंडी सचिव नरेंद्र कुमार माहेश्वरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भावना, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंडी की सफलता सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

इससे पूर्व दि ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन, गल्ला मंडी सीहोर के सदस्यों ने योजना के सफल क्रियान्वयन पर मंडी सचिव नरेंद्र माहेश्वरी का स्वागत कर उन्हें प्रशंसा पत्र भेंट किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र राठौर ने पत्र में उल्लेख किया कि भारी आवक के बावजूद मंडी का निर्बाध संचालन, समस्याओं को समय रहते चर्चा कर सुलझाने की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि मंडी सचिव एवं उनकी पूरी टीम का किसानों और व्यापारियों के प्रति समर्पण अविस्मरणीय है।

मंडी सचिव श्री माहेश्वरी ने कहा, कि भावांतर भुगतान योजना की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मंडी के अधिकारियों कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मचारियों, व्यापारियों, हम्माल-तुलावटियों और किसानों के सहयोग से ही यह संभव हो सका कि इतनी अधिक आवक के बावजूद मंडी में कहीं भी अव्यवस्था न हुई। हमारी प्राथमिकता हमेशा किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और मंडी को पारदर्शी व सुचारू रखना रही है। भविष्य में भी हम इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

उन्होंने व्यापारियों द्वारा दिए गए सम्मान और प्रशंसा पत्र के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी मंडी टीम का है और आने वाले समय में इससे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

Back to top button