शिव आराधना के साथ सेवा कार्य, भौंरासा में संस्था मां शारदा करेगी तीन आयोजन

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। संस्था मां शारदा, इंदौर द्वारा नगर में एक ही दिन तीन महत्वपूर्ण आयोजन किए जा रहे हैं। धार्मिक आस्था, सामाजिक सहयोग और परमार्थ सेवा से जुड़े ये आयोजन नगर के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।
17 जनवरी को सुबह 11 बजे बाबा भंवरनाथ जी मंदिर प्रांगण में पार्थिव शिव पिंड निर्माण एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी पर्व से नववर्ष और शुभ कार्यों के प्रारंभ की परंपरा मानी जाती है।
धार्मिक आयोजन के पश्चात संस्था मां शारदा एवं सुमति जैन मित्र मंडल के सहयोग से “सहारा” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत ऐसे बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिनके पिता नहीं हैं, ताकि उनके जीवन को सुरक्षित भविष्य की दिशा मिल सके।
संस्था द्वारा पांच जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान की जाएंगी, जिससे वे सिलाई-कढ़ाई के माध्यम से स्वावलंबी बन सकें और सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकें। संस्था के संतोष वर्मा, चेनसिंह यादव, कैलाश ठाकुर एवं केदार यादव ने आयोजन की जानकारी देते हुए नगरवासियों से सहभागिता की अपील की है।





