खेत से घर लौट रहे किसान का अपहरण, मारपीट की और मांगी फिरौती

– अपहरण कांड का खुलासा, 2 शातिर आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डिजायर कार जब्त
देवास। जिले में अपहरण और फिरौती से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत से घर लौट रहे एक युवक का सफेद डिजायर कार से अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की गई और फिर रुपयों की मांग करते हुए उसे भोपाल तक ले जाया गया। बैंक नोट प्रेस पुलिस की तेज कार्रवाई और सीमावर्ती थानों से समन्वय के चलते अपहृत युवक को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया।
ऐसे सामने आया मामला-
2 जनवरी को थाना बैंक नोट प्रेस पर फरियादी राजदीप पिता बिहारी सिंह, निवासी रामनगर खटाम्बा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई अंकित राजपूत खेत पर सिंचाई करने गया था, लेकिन रात भर घर नहीं लौटा। परिजनों की चिंता के बीच मामला थाने तक पहुंचा।
सूचना मिलते ही थाना बैंक नोट प्रेस में अपहरण का प्रकरण पंजीबद्ध कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
तेज सर्च ऑपरेशन, भोपाल में मिला सुराग-
पुलिस टीम ने सीमावर्ती थानों से त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए सघन तलाश अभियान शुरू किया। इसी दौरान थाना मंगलवारा, जिला भोपाल से सूचना प्राप्त हुई कि अंकित राजपूत नामक युवक एक मारुति सुजुकी डिजायर कार में संदिग्ध अवस्था में मिला है और उसके शरीर पर मारपीट के स्पष्ट निशान हैं।
सूचना मिलते ही बैंक नोट प्रेस पुलिस टीम तत्काल भोपाल रवाना हुई और अपहृत युवक को दस्तयाब कर लिया गया।
जबरन उठाकर की पिटाई-
पूछताछ में अंकित राजपूत ने बताया कि जब वह खेत से घर लौट रहा था, तभी सफेद रंग की डिजायर कार क्रमांक MP 09 WJ-4364 में सवार चार युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और रुपयों की मांग करते हुए उसे भोपाल ले जाया गया।
मुखबिर की सूचना से आरोपी दबोचे गए-
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजेश सिंह और सोनू राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बैंक नोट प्रेस में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी-
राजेश सिंह, पिता भीमसिंह राणावत, उम्र 37 वर्ष, निवासी न्यू गौरी नगर, थाना हीरानगर, जिला इंदौर एवं सोनू, पिता हरिकिशन उर्फ हरिसिंह राजपूत, उम्र 25 वर्ष, निवासी फंदा, थाना खजूरी सड़क, जिला भोपाल, हाल निवासी गौरी नगर, जिला इंदौर।
सराहनीय पुलिस कार्य-
इस पूरे अपहरण कांड के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी, उनि रामलाल भगत, राहुल परमार, सउनि शिवराम डोडियार, भुवानसिंह, प्रआर दिनेश पटेल एवं आरक्षक शिराज की सराहनीय भूमिका रही।




