खेत-खलियान

नई उर्वरक वितरण व्यवस्था: अब खाद के लिए लाइन नहीं, मिलेगा ई-टोकन

Share

 

– व्यवस्था से किसानों को समय पर और आसानी से मिलेगा खाद

देवास। जिले के किसानों को खाद लेने में अब परेशानी नहीं होगी। ई-टोकन एवं नई उर्वरक वितरण प्रणाली के माध्यम से किसान घर बैठे मोबाइल से टोकन लेकर अपनी सुविधा के अनुसार खाद खरीद सकेंगे।

इस व्यवस्था को किसानों तक सही ढंग से पहुंचाने और जमीन पर बेहतर क्रियान्वयन के लिए देवास, सोनकच्छ और टोंकखुर्द के सभी उर्वरक विक्रेताओं, कृषि विभाग के मैदानी अमले और सहकारिता कर्मियों को शनिवार को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

मोबाइल से ऐसे मिलेगा ई-टोकन-
किसान http://mpkrishi.org या https://etoken.mpkrishi.org वेबसाइट पर जाकर अपना आधार नंबर और ओटीपी डालकर लॉग-इन कर सकते हैं। लॉग-इन होते ही फार्मर आईडी (एग्रीस्टैक) से उनकी कृषि भूमि की जानकारी अपने-आप अपडेट हो जाएगी। इसके बाद किसान मौसम और बोई गई फसल का चयन करेंगे।

क्यूआर कोड से भी टोकन-
कृषक क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करके भी टोकन जारी कर सकते हैं। इसके लिए कृषि विभाग ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को क्यूआर कोड चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। क्यूआर कोड से किसानों को और अधिक आसानी होगी।

फसल के अनुसार होगी खाद की गणना-
पोर्टल पर फसल और रकबे के आधार पर खाद की सही मात्रा अपने-आप गणना होकर दिखाई देगी। साथ ही यह भी दिखेगा कि मार्कफेड, एम.पी. एग्रो, विपणन समिति और निजी उर्वरक विक्रेताओं के पास कौन-सी खाद और कितना स्टॉक उपलब्ध है।

Farmer

अपनी सुविधा से चुनें विक्रेता-
कृषि उप संचालक गोपेश पाठक ने बताया कि किसान अपनी सुविधा अनुसार किसी भी उर्वरक विक्रेता का चयन कर सकते हैं। चयन के बाद ई-टोकन जारी हो जाएगा। ई-टोकन मिलने के तीन दिन के भीतर किसान चयनित दुकान से खाद खरीद सकते हैं।

सहकारी समिति का विकल्प भी उपलब्ध-
किसान यह भी चयन करेंगे कि वे कृषक सहकारी समिति के सदस्य हैं या नहीं। इसके बाद बोई जाने वाली फसल, रकबा और मौसम की जानकारी भरनी होगी। इसी आधार पर खाद की मात्रा तय की जाएगी।

पारदर्शिता और सुविधा की नई पहल-
नई ई-टोकन प्रणाली से कालाबाजारी पर रोक, लाइन और भीड़ से राहत, और समय पर खाद उपलब्धता सुनिश्चित होगी। कृषि विभाग का मानना है कि यह व्यवस्था किसानों के लिए सरल, पारदर्शी और बेहद उपयोगी साबित होगी, जिससे खेती के कार्य समय पर पूरे होंगे।

Back to top button