पार्षद ने चप्पलों की माला पहनकर जताया विरोध, अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार और कामचोरी के आरोप

देवास। नगर निगम परिषद की बैठक में बुधवार को एक अनोखा विरोध देखने को मिला। वार्ड क्रमांक 24 की भाजपा पार्षद रितु सावनेर चप्पलों की माला पहनकर बैठक में शामिल हुईं, जिससे पूरे सभागार में चर्चा का माहौल बन गया।
पार्षद सावनेर ने बताया कि वे अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों को अवगत करा चुकी हैं, लेकिन आज तक उनकी किसी शिकायत का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी भ्रष्ट और कामचोर हैं, जो जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते।
बैठक के दौरान पार्षद ने अधिकारियों से सवाल-जवाब किए, किंतु उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस बीच एक कांग्रेस पार्षद ने उनसे महिला होने के नाते चप्पलों की माला उतारने का अनुरोध भी किया, लेकिन सावनेर अपने विरोध पर अडिग रहीं।

पार्षद ने कहा, “जब हमारे वार्ड में अच्छा काम होता है, तो वार्डवासी मुझे फूलों की माला पहनाते हैं। लेकिन फिलहाल वार्ड की जो दयनीय स्थिति है, उसी के विरोधस्वरूप मैंने यह चप्पलों की माला धारण की है। मैंने इसे स्वयं स्वीकार किया है, क्योंकि मेरे वार्डवासी गलत नहीं हैं।”
उन्होंने बताया कि पिछले कई माहों से नाली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं बनी हुई हैं, जिनकी सुनवाई नगर निगम में नहीं हो रही। सावनेर ने कहा कि वे इस संबंध में कलेक्टर को भी आवेदन दे चुकी हैं, और सभी आवेदन उनके पास सुरक्षित हैं।
पार्षद का यह विरोध नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता नजर आया, वहीं बैठक में उपस्थित पार्षदों के बीच यह विषय चर्चा का केंद्र बना रहा।




