स्टेशन रोड कट पॉइंट खोलने का निर्णय, जनता को मिली राहत

देवास। शहर की प्रमुख सड़क व्यवस्था से जुड़ा एक अहम निर्णय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें स्टेशन रोड चौराहे के कट पॉइंट को दोबारा खोलने पर सर्वसम्मति बनी।
यह निर्णय न केवल जनसुविधा के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक माना जा रहा है, बल्कि यह नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग का भी प्रतीक बन गया है।
महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने बैठक में कहा कि स्टेशन रोड चौराहे का रास्ता अविलंब जनहित में खोला जाए। उनका यह स्पष्ट रुख आम जनता की पीड़ा और जरूरत को दर्शाता है।
सांसद प्रतिनिधि ने भी रखा पक्ष-
बैठक में सांसद प्रतिनिधि शंभू अग्रवाल ने स्टेशन रोड कट पॉइंट की समस्या पर खुलकर चर्चा की और इसे खोलने की मांग को दोहराया। उन्होंने लालगेट और बस स्टैंड कट प्वाइंट सहित यातायात के अन्य प्रमुख बिंदुओं पर भी कार्यवाही की मांग रखी।
उनका कहना था कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अनावश्यक रूप से बंद किए गए कट पॉइंट्स को पुनः खोला जाना जरूरी है।
अतिक्रमण हटाने पर भी बनी सहमति-
बैठक में नगर के प्रमुख मार्गों, तिराहों और लेफ्ट टर्न्स से अतिक्रमण हटाने पर भी सहमति बनी। आम लोगों और वाहन चालकों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।
पार्षद ने जनता के साथ हटाए थे डिवाइडर-
शनिवार रात को पार्षद भूपेश ठाकुर ने स्थानीय रहवासियों के साथ मिलकर स्टेशन रोड लालगेट पर लगाए गए भारी-भरकम डिवाइडर को खुद हटाया। यह कदम जनाक्रोश और असुविधा के बीच आंदोलन का प्रतीक बन गया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि आम नागरिक अब अपने हक और सुविधा के लिए संगठित होकर कदम उठाने लगे हैं।
प्रशासनिक सहभागिता भी रही-
इस महत्वपूर्ण बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत स्वयं उपस्थित रहे, जिन्होंने यातायात से जुड़ी जमीनी समस्याओं पर फील्ड रिपोर्ट के आधार पर चर्चा की और समस्याओं के समाधान पर प्रशासनिक दृष्टिकोण से सहमति दी।
जनता ने किया स्वागत-
जनता ने इस निर्णय का खुलकर स्वागत किया है। रहवासियों का कहना है कि स्टेशन रोड शहर का एक प्रमुख मार्ग है, और कट प्वाइंट बंद होने से रोजमर्रा की आवाजाही में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता था। अब यह निर्णय उनके लिए राहत की सांस लेकर आया है।




