किसान पर तेंदुए जैसे वन्य प्राणी का हमला, दराती से किया सामना

देवास। जिले के रोजड़ी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत पर घास काटने गए एक किसान पर तेंदुए जैसे वन्य प्राणी ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।
गनीमत रही कि किसान के हाथ में दराती थी, जिससे उसने साहस दिखाते हुए अपना बचाव किया और जान बचाई। घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रोजड़ी निवासी लाखनसिंह राजपूत शुक्रवार सुबह अपनी गाय के लिए खेत पर घास काटने गए थे। इसी दौरान तेंदुए जैसे वन्य प्राणी ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किसान घबरा गया, लेकिन हाथ में दराती होने के कारण उसने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद को बचाया।
हमले में लाखनसिंह के गले और कंधे पर नाखूनों से गहरे घाव आए हैं, वहीं शरीर पर दांतों के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल किसान को तत्काल देवास जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
दो दिन पहले भी हुआ था पशु शिकार-
गांव के सरपंच पुत्र रोहित सिंह राजपूत ने बताया कि इसी क्षेत्र में दो दिन पहले भी इसी जंगली जानवर ने एक गाय और बछड़े को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद से ही ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। किसान पर हुए हमले के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर जंगली जानवर को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
वन विभाग की टीम जांच में जुटी-
किसान पर हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके के लिए रवाना हुए। विभाग द्वारा घटनास्थल पर पगमार्क के आधार पर जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि हमला किस वन्य प्राणी ने किया है।




