नगरवासियों ने किया हर चौराहे पर पुष्पवर्षा से स्वागत, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
टोंकखुर्द (विजेंद्र सिंह ठाकुर)। नगर टोंकखुर्द में रविवार को भगवान जगन्नाथ की शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और नगर के प्रमुख चौराहों पर पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया।
नगरवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
शोभा यात्रा का आयोजन खाती समाज द्वारा किया गया, जिसमें समाजजनों के साथ नगर के प्रमुख नागरिकों की भी भागीदारी रही। यात्रा के दौरान पूरा नगर भक्ति भाव से सराबोर नजर आया।
सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने शोभा यात्रा में सम्मिलित होकर कहा, खाती समाज द्वारा भगवान जगन्नाथ की यह शोभा यात्रा निकाली गई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं। भगवान के रथ को खींचना और दर्शन करना बहुत ही पुण्यदायी माना गया है।
ओडिशा के पुरी में हर वर्ष आषाढ़ महीने में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। इस वर्ष यह यात्रा 27 जून 2025 से प्रारंभ होगी। मान्यता है कि भगवान के रथ को खींचने से सभी पापों का नाश होता है।
यात्रा में अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी सम्मिलित हुए, जिनमें प्रमुख रूप से नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि ठाकुर महेंद्रसिंह चावड़ा, जनपद अध्यक्ष पोपसिंह सेंधव, जिला पंचायत सदस्य विजेंद्र सिंह पटेल, सरपंच शेष नारायण पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता संजय वर्मा, राजेश धाकड़ पांदा, कमल चंद्रवंशी सहित समस्त पत्रकारगण एवं नगरवासी उपस्थित रहे। शोभा यात्रा का समापन भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण के साथ किया गया।