देवास। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए भारत सरकार के नवीन दिशा निर्देश के परिपालन में परियोजना निर्माण, क्रियान्वयन और योजना घटकों की निगरानी कलेक्टर की अध्यक्षता में की जाना है।
कृषि विभाग के माध्यम से संबंधित विभागों को शामिल कर कार्य के लिए जिला खाद्य एवं पोषण मिशन कार्यकारी समिति का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष कलेक्टर ऋतुराज सिंह स्वयं हैं।
इस 10 सदस्यीय समिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के अनुभवी एवं नवाचार करने वाले प्रगतिशील कृषक को भी स्थान दिया गया है। इसमें छोटी चुरलाई ग्राम के प्रगतिशील कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
श्री राजपूत विगत वर्षों में जैविक खेती, मल्टी क्रॉपिंग प्रणाली और सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों के सफल प्रयोग से क्षेत्र में उदाहरण बने हैं। उन्होंने सोयाबीन, गेहूं और मसालों की फसलों में उत्पादन वृद्धि के साथ-साथ पोषण युक्त अनाज उत्पादन में नवाचार किया है। उनके खेत को मॉडल फार्म के रूप में भी सराहा गया है। उनके अनुभवों और सुझावों से मिशन के उद्देश्य को मजबूती मिलेगी।





