राजनीति

तहसीलदार ने विधायक को लिखा पत्र: भाजपा मंडल अध्यक्ष पर अभद्रता, दबाव और छवि खराब करने के आरोप

Share

 

– मंडल अध्यक्ष ने आरोपों से किया इंकार, कहा जांच करवा लें

बागली (हीरालाल गोस्वामी)। बागली तहसील में तहसीलदार द्वारा भाजपा जटाशंकर मंडल अध्यक्ष गोविंद यादव के खिलाफ विधायक को भेजी गई शिकायत चर्चा का विषय बनी हुई है। वायरल शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गोविंद यादव तहसील कार्यालय के कर्मचारियों के साथ लगातार अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार करते हैं और अपनी राजनीतिक पहचान का दुरुपयोग कर मनमाना कार्य करवाने का दबाव बनाते हैं।

तहसीलदार द्वारा विधायक मुरली भंवरा को भेजी गई शिकायत के अनुसार विभाग के रीडर ने गोविंद यादव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में यह बात सामने आई कि यादव ने रीडर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और नामांतरण सहित अन्य कार्यों में दबाव डालते हुए मनमानी कराने की कोशिश की।

अन्य कर्मचारियों से भी अभद्रता के आरोप-
शिकायत में पटवारी और भृत्य के प्रति भी अभद्र व्यवहार और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि यादव स्वयं को मंडल अध्यक्ष बताते हुए कर्मचारियों से अभद्र वर्ताव करते हैं, जिससे न्यायालय की गरिमा और माहौल प्रभावित होता है।

तहसीलदार का कहना है कि गोविंद यादव की हरकतें न केवल न्यायालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती हैं बल्कि विधायक एवं पार्टी की छवि भी धूमिल करती हैं।

कार्रवाई की मांग-
तहसीलदार ने विधायक मुरली भंवरा से मांग की है कि न्यायालय की गरिमा, कर्मचारियों की सुरक्षा और पार्टी की छवि को ध्यान में रखते हुए गोविंद यादव के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

मंडल अध्यक्ष गोविंद यादव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से साफ इंकार किया है। उनका कहना है
मैं भाजपा का मंडल अध्यक्ष हूं और किसानों के नामांतरण सहित अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन कई लोग मेरे पास आते हैं। उनके कार्य करवाना हमारी जिम्मेदारी है। तहसील कार्यालय में अक्सर नामांतरण के बदले रुपए की मांग की जाती है। जब हम रुपये देने से मना करते हैं तो किसानों का काम अटकाया जाता है। मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट आदेश है कि किसानों के नामांतरण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे में हम कर्मचारियों से सिर्फ नियमानुसार कार्य करने की बात ही कहते हैं। यदि किसी को लगता है कि मैंने अभद्रता की है तो तहसील कार्यालय के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख ली जाए, सत्य स्वयं सामने आ जाएगा।

विधायक मुरली भंवरा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा तहसीलदार की यह शिकायत आज ही मेरे संज्ञान में आई है। मैं इस विषय पर दोनों पक्षों से विस्तार से बात करूंगा। मामले को सुलझाएंगे।

इस संबंध में तहसीलदार से फोन पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

Back to top button