महाशिवरात्रि पर भजन गायक संजय जैन दिव्य मंत्रों के पर्चों का करेंगे वितरण

देवास। महाशिवरात्रि भगवान शिव की उपासना का सबसे बड़ा पर्व है, जब भक्त विशेष रूप से उनके मंत्रों का जाप कर शिव कृपा प्राप्त करने का प्रयास करते हैं। महादेव अत्यंत कृपालु और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवता हैं। ऐसे में, उनके विशेष मंत्रों का जाप श्रद्धालुओं के लिए अनंत फलदायी होता है।
भजन गायक संजयकुमार जैन (लख्खाजी) ने बताया, कि शिव पुराण में कहा गया है कि शिव मंत्रों के उच्चारण मात्र से व्यक्ति के जीवन में शुभता का संचार होता है और समस्त कष्टों का नाश हो जाता है। महाशिवरात्रि के दिन इन मंत्रों का जप करने से विशेष लाभ मिलता है। वे हर वर्ष की तरह इस बार भी शिवजी के दिव्य और कल्याणकारी मंत्रों के पर्चे श्रद्धालुओं में निःशुल्क वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्य वे वर्षों से कर रहे हैं और इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भगवान शिव के दिव्य मंत्रों का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा, कि प्रभु की असीम कृपा से मुझे ये शुभ, लाभकारी एवं कल्याणकारी महामंत्रों का महाप्रसाद प्राप्त हुआ था। तब से अब तक, मैं इसे जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा हूं। इन मंत्रों के जाप से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस बार भी मेरी इच्छा है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस महाप्रसाद को प्राप्त करें और भगवान शिव की कृपा के पात्र बनें। मंत्र के पर्चे दोपहर एक बजे से पिपली बाजार चौराहा स्थित श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर बजरंगपुरा में वितरित किए जाएंगे।




