– महापौर ने दिया जल संरक्षण का संदेश
– 40 ट्रॉली कचरा नदी से निकाला
देवास। जल गंगा अभियान के अन्तर्गत क्षिप्रा नदी के शुद्धिकरण एवं सफाई कार्य की शुरुआत नगर निगम द्वारा महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई। इस अभियान का उद्देश्य पवित्र क्षिप्रा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाना है।
महापौर श्रीमती अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा, जल ही जीवन है और नदियां हमारी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक धरोहर हैं। क्षिप्रा केवल एक नदी नहीं, बल्कि आस्था का प्रतीक है। इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छ जल उपलब्ध कराने की दिशा में हमें मिलकर प्रयास करने होंगे।
नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा के निर्देश में शुक्रवार को सुबह 7:30 से दोपहर 3 बजे तक सफाई अभियान चलाया गया। इसमें निगम के 70 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 60 स्वास्थ्य विभाग, 4 उद्यान विभाग एवं अन्य विभागों के 6 कर्मचारी शामिल थे। साथ ही स्वच्छता निरीक्षक व दरोगाओं की भी तैनाती की गई थी।
सफाई कार्य हेतु 2 जेसीबी, 45 डंपी एवं 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग किया गया। अभियान के दौरान लगभग 40 ट्रॉलियों में कचरा नदी से बाहर निकाला गया।
नगर निगम द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के लिए हैंड ग्लव्स, मास्क, टोपी, स्वल्पाहार एवं पीने के पानी की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।