देवास में जलसंकट पर गरमाई सियासत: कांग्रेस का मटका फोड़ प्रदर्शन, निगम पर लापरवाही का आरोप

– नगर निगम पर बरसे कांग्रेसी, कहा- जलप्रदाय नहीं, केवल बहानेबाजी चल रही है
देवास। शहर में भीषण गर्मी और गहराते जलसंकट के बीच शुक्रवार को कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मटकों के साथ सड़कों पर उतरे कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता सयाजी द्वार से रैली के रूप में नगर निगम पहुंचे, जहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया।
नगर निगम कार्यालय के बाहर पहले से ही भारी पुलिस बल और बेरिकेट्स तैनात थे, लेकिन आक्रोशित कांग्रेसियों ने बेरिकेट्स हटाकर निगम परिसर में प्रवेश किया और वहीं मटके फोड़कर पानी की किल्लत के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। पुलिस द्वारा रोकने की भरपूर कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी बात मनवाने पर अड़े रहे।
कांग्रेस ने निगम को घेरा, चेतावनी भी दी- शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने निगम और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आठ दिनों से जलप्रदाय पूरी तरह ठप है, लेकिन प्रशासन बहानेबाजी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आने वाले 5 से 7 दिनों में जल संकट का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा पार्षदों के पुतले जलाए जाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले 4 अप्रैल को प्रतिपक्ष नेता राहुल पंवार और फिर कांग्रेस पार्षद दीपेश कानूनगो ने भी इसी मुद्दे को लेकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया था। नगर निगम के अंदर बर्तन बजाकर विरोध जताया गया था।
स्थिति अब नियंत्रण में-
इस पूरे घटनाक्रम पर महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, कांग्रेस के पास करने को कोई काम नहीं बचा है, इसलिए वे प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि विधायक और महापौर की पहल से अब शिप्रा डेम में मां नर्मदा का पानी पहुंच चुका है और जलप्रदाय शुरू भी हो गया है।
उन्होंने आगे कहा, जब संकट चरम पर था तब कांग्रेस के मित्र कहीं दिखाई नहीं दिए। अब जब स्थिति नियंत्रण में है तो सस्ती लोकप्रियता के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।



