रोजा हमें सहनशीलता, त्याग और दूसरों के लिए प्रेम की भावना सिखाता है- अंसार अहमद हाथीवाले

– देवास यूथ वेलफेयर एसोसिएशन ने आयोजित किया सर्वधर्म रोजा इफ्तार कार्यक्रम
देवास। इंसानियत और प्रेम की रोशनी के संदेश को साकार करते हुए देवास यूथ वेलफेयर एसोसिएशन ने सर्वधर्म रोजा इफ्तार का आयोजन किया, जहां विभिन्न धर्मों, विचारों और पृष्ठभूमियों से आए लोगों ने एक साथ बैठकर रोजा इफ्तार किया।
एसोसिएशन के संयोजक सैयद मकसूद अली ने बताया, कि यह कार्यक्रम बीते 25 वर्षों से 17वें रोजे पर आयोजित किया जा रहा है और यह सर्वधर्म समभाव की मिसाल है।
इस कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व सभापति नगर निगम अंसार अहमद हाथीवाले, शौकत हुसैन, इम्तियाज शेख भल्लू, जाकिरउल्ला शेख, पार्षद मुस्तफा अहमद हाथीवाले एवं वसीम हुसैन, एडवोकेट चंद्रपाल सिंह सोलंकी आदि उपस्थित रहे।
संस्था के संयोजक सैयद मकसूद अली ने कहा, कि हमारी संस्था का उद्देश्य समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना है। हम 25 वर्षों से इस पवित्र अवसर पर सभी धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाकर, आपसी सद्भावना को मजबूत कर रहे हैं। रोजा सिर्फ भूखे-प्यासे रहने का नाम नहीं है, बल्कि यह इंसान को संयम, सेवा, और दूसरों के दर्द को समझने की सीख देता है। हम इस कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देना चाहते हैं कि मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है।

राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक का सम्मान- इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर पटेल, जो 17वें रोजे पर वर्षों से रोजा रखते आ रहे हैं, का सम्मान किया गया।
देश की उन्नति के लिए करें प्रयास- अंसार अहमद हाथीवाले ने कहा, रोजा हमें सहनशीलता, त्याग और दूसरों के लिए प्रेम की भावना सिखाता है। हम सबको अपने देश की उन्नति और शांति के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए।
एडवोकेट चंद्रपाल सिंह सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा, कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सौहार्द और एकता को बढ़ावा देते हैं। हमें अपने मतभेदों को भुलाकर मानवता को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पार्षद मुस्तफा अहमद हाथीवाले ने कहा, देवास यूथ वेलफेयर एसोसिएशन का यह प्रयास सराहनीय है। हम सभी को समाज में भाईचारे का संदेश फैलाना चाहिए और एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

सैकड़ों रोजेदारों ने किया सामूहिक इफ्तार- रोजा इफ्तार कार्यक्रम में सैकड़ों रोजेदारों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया। कार्यक्रम के अंत में देश में अमन, शांति, भाईचारे और राष्ट्र की समृद्धि के लिए विशेष दुआ की गई। उपस्थित सभी लोगों ने सामाजिक सद्भाव और देश की प्रगति के लिए अपने योगदान की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का संचालन मिर्जा मुशाहिद बैग ने किया एवं आभार प्रदर्शन सदाकत अली ने किया।
ये थे उपस्थित- इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें शब्बीर अहमद, एआर शेख (नोटरी एडवोकेट), डॉ. रईस कुरैशी, शकील कादरी, मिर्जा मुजम्मिल बैग, चेतन यादव, पत्रकार इरफान अली, शकील खान, फरीद खान, हाजी शकील शेख, आदिल पठान, सलीम सर, जमील शेख करीम, संजय देवल, अंकित पटेल, विनोद चौहान, डॉ. जावेद खान, मुजीब शाह, रईस शाह, फारूक पठान, अबरार सर, सुल्तान अहमद हाथीवाले, हकीम पठान, निसार सर आदि शामिल थे।



