रुक-रुककर हो रही बारिश, रपटे के ऊपर से बहने लगा पानी

गुनेरा नदी उफान पर, 5 घंटे तक बंद रही आवाजाही
बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। गुरुवार को सुबह से हो रही रुक-रुककर वर्षा से बेहरी से निकली गुनेरा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। देखते ही देखते नदी का पानी रपटे के ऊपर से बहने लगा। इससे दोनों ओर राहगीरों की आवाजाही रुक गई।
रपटे के ऊपर पानी अधिक होने से आसपास के 15 से अधिक गांवों के लोगों का तहसील मुख्यालय से 5 घंटे संपर्क कट गया। 5 घंटे से मुसीबत में फंसे लोग जवाबदारों की अनुपस्थिति में जान जोखिम में डाल कर उफनती नदी पार करते रहे। ग्रामीणों ने बताया, कि 30 मिनट तेज वर्षा से 15 गांव का संपर्क कट गया। यह स्थिति जब भी वर्षा होती है, तब बन जाती है। शाम तक नदी का रौद्र रूप बना रहा। यातायात बंद रहने से अलग-अलग स्थानों पर लोग पानी में भीगते रहे। यहां कुछ स्थान ऐसे हैं, जहां पास में ठहरने के लिए जगह भी नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी की निकासी बहुत छोटी होने की वजह से यह स्थिति बार-बार निर्मित हो जाती है। ग्रामीण पूर्व सरपंच सिद्धनाथ सावनेर, जुगल पाटीदार, शिवनारायण पाटीदार, राजेश बामनिया व पवन पाटीदार का कहना है, कि तीन से चार बजे के बीच स्कूलों की छुट्टी हो जाती है। रहवासी इस पार है और स्कूल उस पार। समय अधिक होने से बच्चे रोने लगते हैं। नदी के पास शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है। नदी के पार जाने के लिए कई लोगों ने रपटे पर पानी होने के बावजूद नदी पार की। ऐसे में किसी रोज बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने बताया कि जो लोग रपटे को पार करते हैं, उन्हें हम रोकते हैं, लेकिन वे हमारी बातों को अनसुना कर निकल जाते हैं।




