धर्मांतरण की शिकायत पर शुक्रवासा पहुंचे विधायक मनोज चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष

ग्रामीणों से कहा- देशद्रोहियों से दूरी बनाएं
ग्रामीणों को समझाइश दी, “भारत माता की जय” और “हम सब एक हैं” के नारों से गूंजा गांव
सिरोल्या (अमर चौधरी)। बरोठा थाना क्षेत्र के शुक्रवासा गांव में संदिग्ध धर्मांतरण गतिविधियों की शिकायत मिली थी। गांव में टपरी बनाकर रह रहे बाहरी युवक-युवतियों द्वारा गरीबों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों के बीच क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सैंधव रविवार को गांव पहुंचे।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने असंवैधानिक गतिविधियों से सावधान रहने और देश विरोधी तत्वों का बहिष्कार करने की अपील की। इस दौरान गांव में एकजुटता का संदेश देने के लिए जोरदार देशभक्ति के नारे लगाए गए और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई।
उल्लेखनीय है, कि बरोठा थाना क्षेत्र के शुक्रवासा गांव के लोगों ने बरोठा थाने में गत दिनों शिकायत दर्ज कराई थी कि पास के जंगल में टपरी बनाकर 8 युवक और 2 युवतियां रह रहे हैं। ये लोगों को लालच देकर धर्मांतरण कर रहे हैं। गरीब लोगों को अपने जाल में फंसाकर अपनी ओर प्रेरित कर रहे हैं।

असंवैधानिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर शुक्रवासा गांव में क्षेत्रीय विधायक चौधरी व भाजपा जिलाध्यक्ष सैंधव ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी। गांव के श्रीराम मंदिर में ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा, कि बाहरी व्यक्ति यहां आकर क्या कर रहे हैं। समाजसेवा के नाम पर गांव में ग्रुप बनाकर असंवैधानिक गतिविधियां चला रहे हैं। अगर यह ग्रुप समाजसेवा कर रहा है तो गांव के लिए ऐसा क्या किया है जिससे ग्रामीणों को उससे लाभ मिल रहा है। ये सब गतिविधियां हमारी संस्कृति के खिलाफ है।
संदिग्ध गतिविधियों को लेकर उन्होंने ग्रुप से दूरी बनाने के लिए ग्रामीणों को कहा। हमारा कर्तव्य है, कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को तत्काल दें। हमें देशद्रोही का साथ नहीं देना है। अंत में उन्होंने भारत माता की जय, वंदे मातरम हम सब एक हैं। गर्व से कहो हम हिन्दू हैं के नारे लगाकर ग्रामीणों को एकजुटता के लिए प्रेरित किया।

मौके से ही क्षेत्रीय विधायक चौधरी एवं जिलाध्यक्ष सैंधव ने बरोठा थाने के टीआई अजयसिंह गुर्जर से शीघ्र ही कार्रवाई के लिए कहा। मौके पर दलबल के साथ टीआई अजयसिंह गुर्जर मौजूद थे।
इस दौरान शुक्रवासा गांव में भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी, कुलदीप पटेल, पवन नागर, कल्याण चौधरी, धर्मेंद्र बागवान, भारत नागर, सिरोल्या सरपंच प्रतिनिधि शेखर चौधरी, बलवान सरपंच कनेरिया, राजेश चौधरी, शैलेन्द्र पटेल, बेणीराम धाकड़, कमल नागर, संजय पटेल सहित सैकडों ग्रामीण उपस्थित थे।



