खेत-खलियान

बेमौसम बारिश से टोंकखुर्द अंचल में गेहूं की फसल प्रभावित, किसानों को हुआ नुकसान

Share

 

दाना बनने की अवस्था में तेज हवा से गिरी फसल, सर्वे व मुआवजे की मांग

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। क्षेत्र में बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार रात गरज-चमक के साथ चली तेज हवा और हल्की बारिश के बाद गुरुवार रात व शुक्रवार को फिर हुई वर्षा से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल आड़ी पड़ गई। दाना बनने की अवस्था में फसल गिरने से किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

ग्राम सेकली में माखन पिता रतन सिंह सेंधव की 10 बीघा गेहूं की फसल प्रभावित हुई है। वहीं महेंद्र पिता कमल सिंह, हरेंद्र पिता बजेसिंह, राजन पिता चेन सिंह, लखन सिंह, देवी सिंह, गुलाब सिंह, सोबल सिंह, गोपाल सिंह, लाखन सिंह सहित बरदु और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की करीब 200 बीघा फसल तेज हवा और पानी के कारण जमीन पर आ गई है।

किसानों का कहना है कि गेहूं इस समय दाना बनने की स्थिति में था, ऐसे में फसल का गिरना सीधे उत्पादन पर असर डालेगा। खेतों में पानी भरने और तेज हवा से बालियां झुक जाने से गुणवत्ता भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रभावित किसानों ने प्रशासन से फसलों का शीघ्र सर्वे कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते राहत नहीं मिली तो उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा।

Back to top button