संकल्प से समाधान अभियान’ के तहत आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

संकल्प से समाधान अभियान में प्रगति नहीं होने पर नगर परिषद बागली, पीपलरावां, लोहारदा, सतवास, करनावद सीएमओ की दो-दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश
सभी सीएचओ और आंगनवाड़ी सुपरवाइजरों का 10-10 दिन का वेतन काटने, सोनकच्छ बीएमओ की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश तथा सभी बीएमओ को शोकाज नोटिस
देवास। संकल्प से समाधान अभियान एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, डीएफओ अमित सिंह, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर सुश्री अंशु जावला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने ‘’संकल्प से समाधान अभियान’’, रोजगार संबंधित योजनाओं, हितग्राहीमूलक योजनाओं में आने वाली बैंकों से संबंधित समस्याओं, बैंकों द्वारा विभिन्न योजनाओं में किए गए रिजेक्शन प्रकरणों, प्रधानमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम अंतर्गत बैंक लिंकेज (सीसीएल), पीएम विश्वकर्मा, वन विभाग के लंबित निर्माण कार्यों, वनाधिकार तथा वन पट्टाधारी लोगों को शासकीय योजना का लाभ दिलाने एवं कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेन्स से संबंधित महत्वपूर्ण बिन्दुओं की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री सिंह ने ‘संकल्प से समाधान अभियान’ की समीक्षा कर निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाये। उन्होंने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत कलस्टर बनाकर शिविर लगाए एवं पात्र हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रमाण-पत्र दिलाया जाए। नगर परिषद बागली, पीपलरावां, लोहारदा, सतवास, करनावद में अभियान के तहत कार्य नहीं किए जाने पर संबंधित सीएमओ की दो-दो वेतन वृद्धि रोकने एवं मॉनिटरिंग नहीं करने पर पीओ डूडा को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि ‘संकल्प से समाधान अभियान’ में जिले की सभी स्कूलों में अध्ययनरत् विद्यार्थियों का जाति प्रमाण-पत्र बनाया जाए। अभियान के तहत सीएचओ और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर 70 प्लस आयु के नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाये। ‘संकल्प से समाधान अभियान’ के तहत स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ नागरिकों को नहीं दिलाने एवं अभियान में निराशाजनक प्रगति पर जिले की सभी सीएचओ और आंगनवाडी सुपरवाईजरों का 10-10 दिन का वेतन काटने, सोनकच्छ बीएमओ की दो वेतन वृद्धि रोकने, सभी बीएमओ को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम को निर्देश दिये कि नगर निगम क्षेत्र में सभी वार्डो में घर-घर जाकर अभियान के तहत पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाये। उन्होंने डॉग बाईट एवं आवारा मवेशियों के प्रबंधन के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिये।
उल्लेखनीय है कि संकल्प से समाधान अभियान चार चरणों में चलाया जा रहा है। जिसके तहत प्रथम चरण ( 12 जनवरी से 15 फरवरी ) में ग्राम पंचायत/नगरीय वार्ड स्तर पर समितियां गठित कर घर-घर जाकर या शिविरों के माध्यम से आवेदन/शिकायतें एकत्र की गई। द्वितीय चरण (16 फरवरी से 16 मार्च 2026) में क्लस्टर/जोन स्तर पर शिविर आयोजित कर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। तृतीय चरण (16 मार्च से 26 मार्च 2026) में विकासखंड/ब्लॉक स्तर पर शेष आवेदनों का समाधान, जहां नगर पालिका/पंचायत साथ हों, वहां संयुक्त शिविर लगाए जाएंगे। चतुर्थ चरण (26 मार्च से 31 मार्च 2026) में जिला स्तर पर अंतिम शिविर में शेष आवेदनों का निराकरण और हितलाभ वितरण किया जाएगा।
कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेन्स से संबंधित महत्वपूर्ण बिन्दुओं की समीक्षा कर कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिले में शासकीय विभागों में चल रहे 15 वर्ष से अधिक पुराने सभी शासकीय वाहनों स्क्रेप कराया जाये। समग्र ई-केवायसी की जानकारी ली, जिसमें खातेगांव एवं कन्नौद में ई-केवायसी में प्रगति नहीं होने पर संबंधित सचिव पर कार्यवाही के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा शत प्रतिशत शिकायतों को निराकृत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने बिना अनुमति के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जीएमडीआईसी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।




