थाना बरोठा में शांति समिति की बैठक

त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, शांति समिति में दिए निर्देश
होली, रंगपंचमी और रमजान पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील
बरोठा (अमर चौधरी)। आगामी होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बरोठा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी सवितासिंह जाटव ने कहा कि पर्व सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक होते हैं। ऐसे में सभी नागरिक मिल-जुलकर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा, कि होली व रंगपंचमी के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब सेवन कर उत्पात मचाने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि यातायात व्यवस्था तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस द्वारा पर्वों के दौरान गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने की जानकारी दी गई।
अंत में थाना प्रभारी ने कहा कि सभी की सजगता और सहभागिता से ही त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकते हैं।
बैठक में थाना स्टाफ, नगर के व्यापारी बंधु, ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने सभी से आपसी समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की।




