बैमौसम बारिश एवं तेज हवा से गेहूं की खड़ी फसल हुई आड़ी

– दाना बनने की स्थिति में फसल को क्षति, किसान परेशान
सिरोल्या (अमर चौधरी)। सिरोल्या सहित आसपास के क्षेत्र में बुधवार रात 1 बजे अचानक मौसम बदला। गरज-चमक के साथ तेज हवा-आंधी चली एवं 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। जिससे कई किसानों की गेहूं की खड़ी फसल आड़ी पड़ गई।
जनपद सदस्य प्रतिनिधि राकेश खिरनी ने बताया कि मौसम की मार के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। इस समय गेहूं की फसलें हरी है। ऐसे में दाना बन रहा है। फसल आड़ी पड़ने से पुनः दाना नहीं बन पाएगा। गेहूं फसल को बहुत नुकसान हुआ है। आड़ी पड़ने से फसल की कटाई करने में लागत अधिक होगी। जिससे आर्थिक तंगी बढ़ेगी। सिरोल्या के भगवानलाल बागवान ने बताया कि किसानों की मेहनत पर मौसम ने बर्बादी कर दी है। ग्राम सिरोल्या के साथ ही कैलोद, नारियाखेड़ा, भिलाखेडा, सुतारखेडा, खतेडिया, सरपटी, नापाखेड़ी, बांगरदा आदि गांवों में बिगड़े मौसम से फसल प्रभावित हुई है।

ग्राम सुतारखेड़ा के किसान संदीप चौधरी, राजेंद्र मुकाती, दिनेश मुकाती, चिंतामण पटेल, विष्णु पटेल, विनोद चौधरी, कमल चौधरी आदि ने शासन-प्रशासन से फसल के सर्वे की मांग की है।




