सायबर सेल देवास की बड़ी कामयाबी

25 लाख के 180 गुम मोबाइल फोन बरामद, मालिकों को लौटाए
देवास। साइबर सेल देवास ने तकनीक और सतत प्रयासों के बलबूते एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले से गुम हुए कुल 180 मोबाइल फोन को टीम ने खोजकर बरामद किया है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपए आंकी गई है।
यह महत्वपूर्ण उपलब्धि पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम के निर्देशन में संभव हो सकी।
सायबर सेल द्वारा खोजे गए ये सभी मोबाइल फोन एक औपचारिक समारोह के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए, जिन्हें खो चुके लोग अब तक आशा छोड़ चुके थे। अपना फोन पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

तकनीक और तालमेल से मिली सफलता-
सायबर सेल ने मोबाइलों की खोज के लिए उन्नत तकनीकी संसाधनों, डिजिटल निगरानी और अंतर्राज्यीय समन्वय का उपयोग किया। कई मोबाइल ऐसे थे, जो अन्य राज्यों में सक्रिय पाए गए। सभी फोन विधिसम्मत कानूनी प्रक्रिया के तहत ट्रेस कर देवास लाए गए।
इस कार्य में साइबर टीम ने उच्च स्तर की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। बरामद मोबाइलों को एक विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद, एएसपी श्री भदौरिया और एएसपी श्री बाथम द्वारा स्वयं मोबाइल धारकों को सौंपा गया।

जनता का पुलिस पर भरोसा और गहराया
मोबाइल वापसी के बाद सभी मोबाइल प्राप्तकर्ताओं ने देवास पुलिस का आभार जताया और इस कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद ने मोबाइल धारकों को सायबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की सायबर ठगी की स्थिति में तत्काल Dial 1930 या 100 पर संपर्क करें।
साथ ही, उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में कोई भी व्यक्ति भारत सरकार के CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर जाकर अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकता है, जिससे मोबाइल को ब्लॉक किया जा सके और ट्रेसिंग की प्रक्रिया शुरू हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने दी टीम को बधाई
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद ने साइबर सेल की टीम को बधाई देते हुए कहा, देवास साइबर सेल ने यह सिद्ध किया है कि तकनीक का सही इस्तेमाल कर जनता की समस्याओं का समाधान संभव है। यह प्रयास न केवल चोरी या गुम मोबाइल खोजने की दिशा में उपयोगी है, बल्कि जनता के पुलिस पर विश्वास को भी और मजबूत करता है।
सायबर फ्रॉड से ऐसे बचें, पुलिस की अपील
– अनजान लिंक या संदिग्ध कॉल पर जानकारी साझा न करें।
– बैंक संबंधी जानकारी कभी भी मोबाइल पर साझा न करें।
– किसी भी फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें।
– मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।




