अंधे कत्ल की गुत्थी 6 घंटे में सुलझी, जंगल से दबोचा गया आरोपी

देवास। जिले के हरणगांव थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने बिजली की रफ्तार से खुलासा कर दिया। खेत में मिली लाश से फैली दहशत को पुलिस ने मात्र 6 घंटे में खत्म करते हुए आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
थाना हरणगांव पुलिस को 20 दिसंबर को सूचना मिली कि ग्राम करोंदखुर्द, सतनगरी टप्पर खेत में परसराम गोंड की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि परसराम की धारदार हथियार से निर्मम हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हरणगांव में धारा 103 (1) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी हरणगांव उप निरीक्षक अभिषेक सिंह सेंगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी हनुमत, ग्राम करोंदखुर्द सतनगरी के जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाया और मात्र 6 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त की। इसके साथ ही हत्या के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी आरोपी के खेत से अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सराहनीय पुलिस टीम- इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक अभिषेक सिंह सेंगर (थाना प्रभारी, हरणगांव), सहायक उप निरीक्षक देवी सिंह, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश पाटिल, पवन शर्मा, बाबूलाल पटेल, जितेंद्र वर्मा, आरक्षक संजय सोलंकी, बलराम मंडलोई, बलवान, संदीप ठाकुर, महेंद्र टेकॉम एवं सैनिक गाबूलाल का विशेष योगदान रहा।





