सिराेल्या में हर घर नल से जल देने का काम दो साल बाद भी अधूरा

सिरोल्या (अमर चौधरी)। ग्राम पंचायत सिरोल्या की आबादी 6 हजार में जल निगम के तहत घर-घर नल से जल पहुंचाने का काम वर्ष 2022 में शुरू हुआ था जो दो साल तो सतत चला। उसके बाद बंद हो गया जो अब तक अधर में है। काम पूर्ण नहीं होने से लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।
जल निगम ने गांव में दो नई टंकियां बनाई है जो शोपीस बनकर दिख रही है। गांव में पाइपलाइन डाल दी गई है। कनेक्शन भी हो गए हैं, लेकिन नल स्टैंड और टोटियां लगाना बाकी है। ऐसे में ग्रामीण ग्राम पंचायत की पुरानी नलजल योजना से काम चला रहे हैं। क्षेत्र बड़ा होने के कारण नलजल योजना से पूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं।
मिश्रीलाल मंडलोई ने बताया कि काम सिरोल्या में कई दिनों से बंद हैं, जिसके कारण समस्या बनी हुई है। वर्ष 2022 में हर घर पानी देने का वादा किया था, जो तीन साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। योजना पूरी नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। सिंगाराम मंडलोई, संजय चौधरी, कैलाश चौधरी, कुंदन चौधरी, राम अवतार चौधरी आदि ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से याेजना का काम जल्द से जल्द पूर्ण करवाने की मांग की है।
जल्द शुरू होगा काम-
इस संबंध में जल निगम इंदौर के महाप्रबंधक जेपी गनोते का कहना है कि हर घर स्टैंड लगाना व नल में टाेटियां लगाकर पानी देने का काम बचा है। क्षेत्र में जल्द ही काम शुरू होने वाला है।





