शिक्षा

देखकर समझने के बाद विज्ञान से जुड़ी अवधारणा स्पष्ट होती है

Share

 

छात्र-छात्राओं ने श्री सिंगाजी थर्मल पावर प्रोजेक्ट का भ्रमण किया

सतवास। देखकर समझने के बाद विज्ञान से जुड़ी अवधारणा स्पष्ट हो जाती है। जिज्ञासा के साथ तर्क शक्ति बढ़ती है। इसी से ही बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ती है। बच्चों ने अपने शैक्षणिक भ्रमण के दौरान उपस्थित विषय शिक्षकों से चर्चा में ये बात कही।

सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सतवास प्राचार्य आशा जोशी के निर्देशन में कक्षा 11 व 12 के ट्रेड (कृषि, इलेक्ट्रॉनिक और हार्डवेयर) छात्र-छात्राओं ने श्रीसिंगाजी थर्मल पावर प्रोजेक्ट का भ्रमण किया। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार दवानी ने बच्चों से चर्चा कर विषय के संबंध में जानकारी देकर प्रश्नावली की। बच्चों की जिज्ञासा पर सहायक अभियंता परवेज़ खान ने प्रोजेक्ट की कार्यविधि को पावरपॉइंट प्रेज़ेंटेशन द्वारा बताया। आकर्षक स्लाइड शो से हर बिंदु पर चर्चा कर पाठ्यक्रमानुसार जानकारी दी। बच्चों में विद्युत इकाई वाट, वोल्ट की समझ को स्पष्ट किया। उष्मा ऊर्जा इंजन को समझाया। कोयला जलाकर उष्मा ऊर्जा पैदा होती है। इस उष्मा से पानी को बॉयलर द्वारा भाप में बदलता है। उच्च दाब वाली भाप से टर्बाइन घूमता है, जिससे विद्युत ऊर्जा पैदा होती है।

इसके बाद परवेज़ खान ने सभी बच्चों को बॉयलर, कूलिंग टावर, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, जनरेटर, कंट्रोल रूम, बिजली वाला स्विच यार्ड दिखाकर समझाया। समापन के पूर्व अधीक्षण यंत्री दवानी व सहायक यंत्री परवेज़ खान, शिक्षक सुभाष मानधन्या ने बच्चों से सामूहिक चर्चा की, जिसमें लक्ष्मी जाट, विधान अग्रवाल, विकास नायक, राधिका वर्मा, ऋषि सोनेर, टीना सहित विद्यार्थियों ने कहा कि देखकर समझने से ही अवधारणा एकदम स्पष्ट हो जाती है।

यात्रा में संस्था के शिक्षक सुदामा यादव, चिंतामणि बैरागी का विशेष सहयोग रहा। सुभाष मानधन्या व ट्रेड शिक्षक राहुल पचार ने अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा दिए सहयोग पर आभार माना।

Back to top button