राज्य

नोट अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, लेकिन किसानों की मेहनत से मप्र की पहचान बनती है- डॉ. यादव

Share

बहनों के हाथ में धन और किसानों के खेत में समृद्धि, यही हमारी संस्कृति का गौरव है: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

कांग्रेसी, अरे तुम रोते रहोगे, हम देते रहेंगे, बहनों और किसानों के लिए बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

देवास से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक में किसानों के खाते में 233 करोड़ की राशि ट्रांसफर की

देवास। भावांतर योजना की राशि का भुगतान के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन देवास में हुआ। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कल बहनाओं के लिए साढ़े 1200 से 1500 रुपए की राशि हो गई। उनके लिए भाईदूज और रक्षाबंधन दोनों मन गया। हमारी बहनाें का प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बहुत अच्छा समय चल रहा है। यह बहुत सारे कांग्रेसियों को हजम नहीं हाे रहा है। वो कह रहे हैं कहां से लाओंगे पैसा। अरे तुम रोते रहोंगे और हम देते रहेंगे। बहन-बेटी के हाथ में अगर पैसा आए तो यह हमारी सनातन संस्कृति का गौरव है। यह हमारी प्रतिबद्धता है।

उन्होंने कहा हमारी संस्कृति तो उदार है। दुनिया के देशों में कोई भी देश अपने साथ मां का नाम नहीं लगाता। माता के नाम से नहीं जाना जाता। एक मात्र भारत देश है जो मातृ सत्ता को स्वीकार करता है। उन्होंने कहा सीमा पर जवान और खेत में किसान दोनों बराबर है। एक जान की बाजी लगाकर सीमा पर देश की रक्षा करता है और किसान अपने पसीने के माध्यम से अनाज उगाता है। उसकी मेहनत से लोगों का पेट भरता है। धरती पुत्र किसान के माध्यम से हमारी संस्कृति अलग प्रकार से जानी जाती है। खेती के माध्यम से संपन्नता आती है। किसान सबके सुख के लिए कामना करता है।

उन्होंने कहा देवास के नोट दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाते हैं। देवास में अगर नोट नहीं बने तो प्रगति रुक जाती है। देवास वालों के भी भाग्य है, नोट बनाने की फैक्ट्री यहां है।

मुख्यमंत्री ने कहा नोट भले ही अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, लेकिन किसानों की मेहनत से मप्र की पहचान बनती है। आपकी मेहनत से मप्र देश का सोयाबीन स्टेट हुआ है। सबसे ज्यादा सोयाबीन मप्र में होता है। ऐसे में पिछली बार 4800 में सोयाबीन गई थी, इस बार 5328 रु में सोयाबीन जा रही है। हर साल चार सौ-पांच सौ रुपए बढ़ रहा है। किसान को उसकी फसलों का सही दाम मिलना चाहिए, इसलिए भावांतर योजना सबसे पहले मप्र में आई।

जब भावांतर योजना लाए तो बहुत सारे कांग्रेसी कहते हैं कि पैसे कहां है, झूठ बोल रहे हो। किसान का भला तो कभी कांग्रेस ने किया ही नहीं। ये मैदान में तो आते ही नहीं, बस सोशल मीडिया चलाकर ही खुश हो जाते हैं। इसलिए ही सरकार से बाहर है और यही हाल रहे तो 50 साल और सत्ता से बाहर रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार में चुनाव और ये पचमढ़ी में छुट्टी मना रहे हैं। पचमढ़ी में मप्र का चुनाव जीतेंगे। इनकी समझ ही ऐसी है। ये आलू से सोना बनाते हैं। इनको इनके हाल पर छोड़ दो। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी प्रतिबद्धता है सभी के कल्याण की। दूध का उत्पादन भी बढ़ाने वाले हैं। हम अभी 9 प्रतिशत दूध का उत्पादन देश में करते हैं। इसे 20 प्रतिशत तक करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा मैं मेरे घर से कदम बाद में बाहर निकालता हूं ,पहले गोमाता को रोटी खिलाता हूं। इस बार गोवर्धन पूजा भी धूमधाम से मनाई। हमारे लिए तो गोबर भी धन है। यह प्रकृति से जुड़ने की परंपरा है। कांग्रेस कहती है कि आप धार्मिक त्योहार क्यों मना रहे हैं। कांग्रेसी सुन लो हम 1 दिसंबर को गीता जयंती भी मनाएंगे। भगवान कृष्ण की पवित्र गीता है, जिसके माध्यम से सभी प्रकार की जीवन की शिक्षा मिलती है। गीता भवन भी खोलने वाले है। एक लाख वृंदावन गांव भी बनाने वाले हैं। हमारे जीवन में सनातन संस्कृति का महत्व है। हम जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। आने वाला साल कृषि उद्योगों के लिए जाना जाएगा। उन्होंने कहा हमारी प्रतिबद्धता है कि हम गेहूं भी 2700 रुपए क्विंटल में खरीदेंगे। विकास के मामले में हमारी सरकार इसी प्रकार से कार्य करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 1 लाख 33 हजार किसानों के खाते में 233 करोड़ की राशि का भुगतान किया। इस दौरान 259 मंडियों से किसान जुड़े थे। कार्यक्रम के दौरान 183.25 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन मुख्यमंत्री ने किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि यंत्रों का अवलोकन किया। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से की। उन्होंने बेटियों को उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में गायक आकांक्षा जाचक ने वंदेमातरम राष्ट्रीय गीत का गायन किया।

adal singh kashana

भाजपा किसान हितैषी पार्टी-

कृषि मंत्री एदलसिंह कंषाना ने संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश के मुख्यमंत्री जन कल्याणकारी योजना को लेकर आए हैं। भाजपा किसान हितैषी पार्टी है। कांग्रेस ने 50 साल राज किया, लेकिन भावांतर योजना का नाम, लाड़ली बहना योजना का नाम, आयुष्मान योजना का नाम अापने नहीं सुना होगा। मुख्यमंत्री सर्वसमाज के हितैषी हैं।

mla gayatri raje pavar

विकास में हम कदम मिलाकर चल रहे हैं-

विधायक गायत्री राजे पवार ने संबोधित करते हुए कहा, कि इतनी बड़ी योजना का शुभारंभ यहां से कर मुख्यमंत्री ने देवास को गौरव दिया है। मैं बताना चाहूंगी कि आपकी योजना में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन देवास मंडी में हुआ है। सबसे ज्यादा लाभ यहां के किसानों का मिल रहा है। विकास की यात्रा में हम कदम से कदम मिलाकर आपके साथ चल रहे हैं। विधायक ने कहा कि आने वाले समय में उज्जैन में सिंहस्थ होने वाला है। मुख्यमंत्री देवास को भी अपना समझकर व उज्जैन का हिस्सा समझकर हमें सौगातें दें, ताकि देवास का विकास सतत चलता रहे।

mahendra singh solanki

मुख्यमंत्री सभी के चेहरे पर मुस्कान ला रहे हैं-

सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने संबाेधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को परिवार की तरह संभालते हैं। देवास में बहुत बड़ा इतिहास रचा जाने वाला है। पहली बार भारत में किसानों के खाते में इतनी बड़ी राशि दी जा रही है। पूरे देश में इसका अनुसरण किया जाएगा। हमारे लिए गर्व की बात है कि इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री ने हमारे देवास को चुना। मुख्यमंत्री सभी के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रहे हैं।

आठ विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-
मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देवास में 183 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत के 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उक्त विकास कार्यों में देवास में उज्जैन तिराहा से नागुखेड़ी बायपास मार्ग का निर्माण कार्य, ग्राम जनोई में देवास कायथा मार्ग से श्रीराम मंदिर मार्ग का निर्माण कार्य, ग्राम खजुरिया जागीर से तुमड़ावदा मार्ग का निर्माण कार्य, नगर निगम देवास क्षेत्र में एसएसटीडी योजना अंतर्गत 33 केवी मोनो पोल (औद्योगिक क्षेत्र में प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए), पुलिस लाइन देवास में 16 जीओ आवास, 160 आरक्षक आवास गृह निर्माण कार्य, देवास में असंगठित श्रमिकों के लिए रेन बसेरा, देवास में 100 बिस्‍तरीय वर्किंग वुमन हॉस्टल का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश सोनकर, विधायक मनोज चौधरी, विधायक मुरली भंवरा, जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, किसान संघ के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, महापौर गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, दुर्गेश अग्रवाल सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े, संभागायुक्त आशीष सिंह, आईजी उमेश जोगा, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने ये भी कहा:
– मैं घर से बाहर निकलने से पहले गोमाता को रोटी खिलाता हूं।
– हमारी संस्कृति हमें प्रकृति और परंपरा से जोड़ती है।
– इस बार गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनाई गई।
– अब हम 1 दिसंबर को गीता जयंती भी मनाएंगे।
– गीता भवन खोलेंगे और एक लाख वृंदावन गांव बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button