ICC Men’s T20 World Cup: भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

संजू की रिकार्डतोड़ पारी से मिली जीत, अब विश्वकप से सिर्फ 2 कदम दूर टीम इंडिया
दिल्ली। उच्च दबाव और बड़े लक्ष्य के बीच जब टीम को एक नायक की जरूरत थी, तब Sanju Samson ने मोर्चा संभाला। उनकी नाबाद 97 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराते हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में शानदार एंट्री कर ली।
करो या मरो के इस सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। टीम की ओर से Roston Chase (40), Shai Hope (32), Jason Holder (नाबाद 37) और Rovman Powell (नाबाद 34) ने उपयोगी पारियां खेलीं।

भारतीय गेंदबाजों में Jasprit Bumrah ने दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर विपक्षी टीम की रन गति पर लगाम लगाई। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को शुरुआत में दबाव झेलना पड़ा, लेकिन सैमसन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में 12 चौके और 4 छक्के जड़ते हुए नाबाद 97 रन बनाए।
उन्हें Tilak Varma (27), Suryakumar Yadav (18) और Hardik Pandya (17) का अहम साथ मिला। भारत ने लक्ष्य चार गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर (2/38) और शमार जोसेफ (2/42) ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन सैमसन की तूफानी पारी के सामने उनकी मेहनत फीकी पड़ गई। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली और खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।




