माता टेकरी पर मधुमक्खियों का हमला, 7 घायल

देवास। शहर की आस्था के प्रमुख केंद्र माता टेकरी पर शनिवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी मच गई। छोटी माता चामुण्डा मंदिर परिसर में मधुमक्खियों के झुंड ने श्रद्धालुओं और स्टाफ पर हमला कर दिया। करीब 3:30 बजे हुई इस घटना में तीन दर्शनार्थी और चार स्टाफ सदस्य घायल हो गए। अचानक हुए हमले से श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक मधुमक्खी ने किसी श्रद्धालु को काटा, जिसके कुछ ही मिनटों बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां वहां पहुंच गईं। देखते ही देखते झुंड ने परिसर में मौजूद लोगों पर हमला शुरू कर दिया।

घायलों में महू निवासी सीमा कोठारी (43), इंदौर निवासी विनिता प्रसाद (65) और आयुष कोठारी (21) शामिल हैं। इसके अलावा माता टेकरी पर तैनात दो पुलिसकर्मी, एक महिला गार्ड और एक अन्य कर्मचारी भी मधुमक्खियों के हमले का शिकार हुए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल देवास ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत सामान्य है।
मां चामुण्डा शासकीय देवस्थान प्रबंधन समिति के प्रभारी कपिल गुर्जर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही वे जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार की समुचित व्यवस्था करवाई। उन्होंने कहा कि वन विभाग के डिप्टी रेंजर के निर्देशन में मंदिर परिसर में बने मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।




