धर्म-अध्यात्म

मां नर्मदा किनारे फाग उत्सव से जीवन में अनेक रंगों का प्राकट्य होता है – स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्यजी

Share

– धार्मिक अनुष्ठानों के लिए किए शुभ-अशुभ कर्म का सुफल अनेक बार मिलता है

नेमावर। मां नर्मदा के किनारे मनुष्य भजन-संकीर्तन, जप-तप, पूजा-पाठ जो भी करे, उसका स्वरूप अलौकिक एवं दिव्य होता है। रंगों का त्योहार तो प्रेम का त्योहार है। जिस उत्साह और आनंद से आपने फाग उत्सव मनाया, उससे हमारे जीवन में अनेक रंगों का प्राकट्य होता है। मां नर्मदा के तट पर प्रेम का रंग सभी पर चढ़ गया।

श्री बालमुकुंद सेवाश्रम एवं अन्नक्षेत्र, नेमावर में आयोजित फाग उत्सव में नागोरिया पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु स्वामी श्री विष्णुप्रपन्नाचार्यजी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा। उल्लेखनीय है कि पूज्यश्री के मंगलानुशासन में विगत वर्ष आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान वैष्णवजनों ने धार्मिक अनुष्ठान हेतु   डोम एवं गौशाला के निर्माण का संकल्प लिया था।
महाराजश्री ने कहा कि आज इस नव-निर्माण में उत्सव का प्रारंभ हुआ है। समस्त वैष्णवों द्वारा जो संकल्प लिया गया था, वह पूरा हो गया। अब जब-जब भी इस पांडाल में सत्संग होगा, तब-तब आपका कल्याण होगा। हजारों वर्षों तक जब कथा-श्रवण के दौरान श्रद्धालुजन आनंद एवं तन्मयता से जब-जब ताली बजाएंगे, जिससे आप सबके विघ्न दूर होंगे। गौमाता जब नवीन गौशाला में स्नेह से, प्रसन्नता से रंभाएंगी, तब आपकी दरिद्रता नष्ट हो जाएगी।

जो भी मनुष्य जीवन में शुभ-अशुभ कर्म करता है, उसका फल अवश्य मिलता है। कार्य किसी एक के प्रयास से नहीं होता। समस्त वैष्णवजनों का उसमें जब भाव समर्पित होता है, तो वह और दिव्य हो जाता है।
प्रारंभ में स्वामीजी ने ठाकुरजी के श्रीविग्रह का पूजन कर गुलाल लगाया तथा उपस्थित सभी संतजनों का अभिनंदन किया। भजन गायक प्रदीप मंत्री ने फाग के भजन सुनाकर सभी को प्रेम रंग में रंग दिया। समर्पण भाव का भजन “ऐ चमक, ऐ दमक, फूलवन में महक, सब कुछ सरकार तुम्हीं से है, मेरी गाड़ी, मेरा बंगला, मेरा पैसा सब तेरा, सब कुछ तेरो सरकार, मेरा तो कुछ भी नहीं” पर महिला-पुरुष सभी ने नृत्य किया।

समारोह में हरिद्वार से पधारे युवराज स्वामी द्विव्यांशजी महाराज, नवाड़ा आश्रम के चंद्रशेखरानंदजी महाराज, खाकचौक आश्रम गाजनपुर के भगवतदासजी महाराज, हरिहर आश्रम भमोरी के संत, पुजारी सुदर्शनाचार्यजी तथा प्रधान अर्चक बिहारीजी भी उपस्थित थे।

Amaltas hospital

आयोजन में नेमावर सहित कनौद, सतवास, लोहारदा, कांटाफोड़, खातेगांव, संदलपुर, हरदा, इंदौर सहित अनेक स्थानों के श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। कार्यक्रम में पूज्यश्री ने सभी को रंग-गुलाल लगाकर आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं ने चरण-वंदन कर आशीष प्राप्त किया।

Back to top button