चौपाल महोत्सव में उमड़े किसान, विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

– आधुनिक खेती की बारीकियों से अवगत हुए किसान
देवास। चौपाल सागर परिसर में तीन दिवसीय चौपाल महोत्सव जारी है। समापन 1 मार्च को होगा। इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हो रहे हैं।
दूसरे दिन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम कमिश्नर दलीप कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक आरपी शर्मा थे। अतिथियों ने किसानों को आधुनिक खेती, नई तकनीकों और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। महोत्सव में किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने, लागत कम करने और उन्नत कृषि पद्धतियों के बारे में जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि तकनीकी जानकारी अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।

मध्य प्रदेश शासन से सम्मानित कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने किसानों से अपील की कि वे नरवाई (फसल अवशेष) न जलाएं। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से भूमि की उर्वरता कम होती है और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसके बजाय अवशेषों का उपयोग खाद बनाने या अन्य उपयोगी कार्यों में किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानपीठ स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक और संगीत प्रस्तुतियां दीं।

महोत्सव का उद्देश्य-
एरिया मैनेजर मनीष बी शाह व इंचार्ज राकेश शर्मा ने बताया, कि इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों को एक मंच पर लाकर उन्हें खेती से जुड़ी नई जानकारी, तकनीक और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना है। साथ ही किसानों और कृषि विशेषज्ञों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर बेहतर समन्वय बनाना, ताकि किसान आधुनिक तरीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें और खेती को अधिक लाभकारी बना सकें। इस अवसर पर देवेंद्रसिंह राजपूत, महेश सोनी आदि उपस्थित थे।

विभिन्न स्टॉल भी लगाए-
खेती से जुड़े उत्पादों और उपकरणों के कई स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर उन्नत बीज, जैविक खाद, कृषि यंत्र, सिंचाई उपकरण और अन्य कृषि सामग्री की जानकारी दी जा रही है। किसान यहां विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर उत्पादों की विशेषताएं समझ रहे हैं और अपनी खेती के लिए उपयोगी संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।




