देवास

बरदु में बस्ती का हाल: बारिश में मार्ग पर कीचड़, रोजाना मुसीबत झेल रहे ग्रामीण

Share

 

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। ग्राम बरदु की बाहरी बस्ती को जाने वाला कच्चा मार्ग इन दिनों लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बना हुआ है। बरसात में यह रास्ता कीचड़ और जलभराव से भर गया है। हालत यह है, कि यहां से निकलना किसी चुनौती से कम नहीं।

पैदल चलना भी हुआ मुश्किल-
ग्रामीणों का कहना है, कि बस्ती से रोज बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन कीचड़ इतना ज्यादा फैल चुका है कि पैदल चलने वाले भी फिसलकर गिर जाते हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को तो रास्ता पार करना किसी मुसीबत से कम नहीं लगता।

बच्चों की पढ़ाई पर असर-
स्कूल जाने वाले बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं। उनकी साइकिलें कीचड़ में धंस जाती हैं, जिससे कई बार समय पर स्कूल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। कई अभिभावकों का कहना है कि इस वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती-
बाइक निकालना तो यहां सबसे बड़ी दिक्कत है। लोग रोज गिरने और चोटिल होने का डर झेलते हैं। कई बार वाहन चालकों को कीचड़ से बाहर निकालने के लिए दूसरों की मदद लेनी पड़ती है।

शिकायतें बेअसर-
ग्रामीणों ने बताया, कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। मोहल्ले के दिलीप, संजुबाई, कमलसिंह, दरियाव, प्रभुलाल, राहुल, गोकुल, अर्जुन और मोतीजी ने मिलकर कहा, कि जिम्मेदार चुप्पी साधे बैठे हैं, जबकि लोग रोजाना परेशानी झेल रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग-
ग्रामीणों की मांग है, कि फिलहाल तो राहत के लिए मार्ग पर मुरम डलवाया जाए ताकि आवागमन सुचारु हो सके। वहीं बरसात के बाद इस मार्ग को पक्का बनाया जाए, जिससे हर साल ग्रामीणों को इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

Back to top button