अवैध रूप से यूरिया का परिवहन कर रहे पिकअप वाहन को कृषि विभाग ने किया जब्त

70 बोरी यूरिया भर कर ले जा रहा था बड़वानी
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। अवैध रूप से यूरिया का परिवहन कर रहे पिकअप वाहन को कृषि विभाग ने जब्त किया है।
कृषि विभाग की कार्रवाई रात्रि लगभग 12 बजे के दरमियान हुई। मुखबिर द्वारा कृषि विभाग के अधिकारी को सूचना दी गई की एक पिकअप वाहन फंदा से यूरिया खाद भरकर बड़वानी जा रहा है, जो अवैध रूप से ले जाया जा रहा है, जिस पर नेवरी फाटे के पास इस वाहन को कृषि विभाग द्वारा रुकवाया गया। वाहन को रुकवाने पर वाहन चालक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस वाहन को नेवरी फाटा पुलिस चौकी पर खड़ा करवा दिया गया। उक्त वाहन में 70 बोरी यूरिया खाद भरा हुआ था।
उक्त वाहन को सुबह भौंरासा थाने लाया गया, जहां पर कृषि अधिकारी द्वारा वाहन चालक के खिलाफ अवैध रूप से यूरिया परिवहन करने के चलते एफआईआर दर्ज कराई गई। वही इस वाहन चालक के पास इस गाड़ी में भरी यूरिया के बिल या कोई अन्य कागज उपलब्ध नहीं पाए गए। प्रत्येक बोरी 45 किलो की बताई जा रही है। वाहन चालक हरिराम धनगर निवासी भैंसावाद तहसील कसरावद जिला खरगोन के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कृषि विभाग के अधिकारी द्वारा बताया गया कि 28 जुलाई को मुखबिर द्वारा रात्रि 12 बजे के दरमियान सूचना दी की गई कि एक पिकअप वाहन अवैध रूप से इफ्को यूरिया का परिवहन किया जा रहा है। सूचना प्राप्त होते ही दिनेश परमार कृषि विकास अधिकारी द्वारा नेवरी फाटे के पास गाड़ी को खड़ा करवाया गया एवं रात्रि में वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाया इसलिए सुबह वहां पहुंचकर वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसके द्वारा यूरिया बैच नंबर 04 उर्वरक परिवहन से संबंधित कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के कारण एवं उर्वरक कहां से लेकर आए हैं ओर कहां लेकर जा रहा है इसका भी संतोषजनक जवाब नहीं देने पर जिससे प्रतीत होता है कि उर्वरक का परिवहन कालाबाजारी के उद्देश्य से किया जा रहा है। यूरिया का नमूना भी लिया गया है जिसकी कंपनी इफको लिमिटेड है इस प्रकार आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3,7 एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 5,7,8 एवं 35 का उलंघन सिद्ध होने से वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
मौके पर तुलसीराम परिहार वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सोनकच्छ, गोपेश पाठक सहायक संचालक कृषि, लोकेश गंगराड़े कृषि विकास अधिकारी, दिनेश परमार जिला उर्वरक निरीक्षक देवास उपस्थित थे।




