अवैध शराब माफियाओं पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, चलित भट्टियां ध्वस्त, शराब जब्त!

– जमीन में गड़े लाहन के ड्रम जेसीबी से उखाड़कर किए नष्ट
– ग्राम भड़ा पिपलिया एवं प्रतापनगर में आबकारी विभाग ने दर्ज किए 7 प्रकरण
देवास। ज़िले में अवैध शराब कारोबारियों की नींद उड़ चुकी है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के सख्त निर्देशों पर आबकारी विभाग की मुस्तैद टीम की अगुवाई में भोर होते ही भड़ा पिपलिया और प्रतापनगर में टीम ने सख्त कार्रवाई की। इस दौरान चलित भट्टियां चकनाचूर, जमीन में गड़े लाहन के ड्रम जेसीबी से उखाड़कर नष्ट किए। जंगल-नालों की सघन तलाशी से जब्त हुई भारी मात्रा में अवैध मदिरा।
सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन एवं दबिश प्रभारी राजकुमारी मंडलोई के नेतृत्व में आबकारी देवास द्वारा अवैध रूप से मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। 23 मई को आबकारी की संयुक्त टीम ने ग्राम भड़ा पिपलिया एवं देवास के प्रताप नगर में अल सुबह कार्रवाई की। यहां चलित भट्टियों को नष्ट किया तथा जमीन में गड़े लाहन के ड्रमों को जेसीबी से खुदवाकर नष्ट किया।
साथ ही आसपास के जंगल, नाले में सर्चिंग की गई, जिसमें 4 पेटी देशी मदिरा प्लेन, 70 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 2100 किलो ग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। कुल 7 प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत दर्ज किए गए। जब्त मदिरा एवं वाहन का मूल्य लगभग 2 लाख 39 हजार रुपए है।
आज की कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, डीपी सिंह, विजय कुचेरिया, दिनेश भार्गव, कैलाश जामोद, आबकारी मुख्य आरक्षक राजाराम रैकवार, दीपक, आबकारी आरक्षक निकिता परमार, अरविंद जिनवाल, आशीष, भगत सिंह, सनत कुमार, सैनिक किशोर, अनिल चौहान, अनिल, संजय शर्मा, केदार चौधरी सम्मिलित रहे। इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




