• Wed. Oct 22nd, 2025

    बारिश में माता टेकरी आने वाले श्रद्धालु परेशान

    ByNews Desk

    Jun 27, 2025
    Dewas mata tekari
    Share

    – क्षतिग्रस्त शेड व गड्ढों से बढ़ी मुसीबत, कांग्रेस ने की सांसद-विधायक निधि से सहायता की मांग

    देवास। बारिश का मौसम शुरू होते ही शहरवासियों की परेशानियां भी शुरू हो गई हैं। हर साल मानसून से पूर्व नगर निगम और प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इस बार की बारिश देवास के नागरिकों के लिए मुश्किलें लेकर आई है।

    शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी और कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने कहा है कि देवास की आस्था का केंद्र माता टेकरी पर रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। अक्सर शाम के समय बारिश शुरू हो जाती है, जब टेकरी पर सबसे अधिक भीड़ होती है। खासकर महिलाएं और बच्चे बारिश में पूरी तरह भीगने को मजबूर हैं क्योंकि टेकरी मार्ग पर लगे अधिकांश शेड अब जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

    फंड की कमी, मरम्मत नहीं-
    कांग्रेस नेताओं का कहना है जब इन शेडों की मरम्मत की मांग की गई तो चामुंडा देव प्रबंध संस्थान द्वारा बताया गया कि उनके पास इसके लिए आवश्यक फंड नहीं है।

    शहर की सड़कें भी गड्ढों से भरपूर-
    कांग्रेस नेताओं ने कहा, कि सिर्फ टेकरी ही नहीं, शहर की मुख्य और अंदरूनी सड़कों की हालत भी खराब है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए ये गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा अब तक सड़कों का पेचवर्क शुरू नहीं किया गया है।

    जर्जर रोड

    कांग्रेस ने की निधि से मदद की मांग-
    शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजानी और कार्यकारी अध्यक्ष शर्मा ने कहा है कि यदि चामुंडा देव प्रबंध संस्थान के पास फंड की कमी है, तो सांसद और विधायक अपनी निधि से शेडों की मरम्मत के लिए राशि प्रदान करें।

    उन्होंने नगर निगम से भी आग्रह किया है कि शहर की सड़कों पर बने खतरनाक गड्ढों को शीघ्र भरा जाए, जिससे नागरिकों को राहत मिल सके।