24 घंटे में 6 लाख की लूट का पर्दाफाश

– कैमरों के फुटेज को वाट्सएप कम्युनिटी ग्रुप में किया था पुलिस ने फॉरवर्ड, जनता ने बताए आरोपियों के नाम
देवास। जिले के विजयागंज मंडी थाना क्षेत्र में हुई 6 लाख की लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस की तकनीकी सूझबूझ और जनता की जागरूकता के चलते आरोपियों की पहचान व्हाट्सएप कम्युनिटी ग्रुप के जरिए हो गई। आम लोगों ने CCTV फुटेज देखकर खुद लुटेरों के नाम बताए, जिसके बाद दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए और लगभग 3 लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार 22 मई को फरियादी देवराजसिंह निवासी कवड़ी ने विजयागंज मंडी थाना आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि ग्राम आगरोद कस्बा अन्तर्गत स्थित देवकृपा एमपी ऑनलाइन की दुकान से एक काले रंग के बैग में 6 लाख रुपए लेकर अपनी मोटरसाइकिल की टंकी पर रखकर अपने घर जा रहा था। रास्ते में गिट्टी खदान के आगे बिजेपुर मोड़, ग्राम कवड़ी के पास एक काले रंग की मोटरसाइकिल से दो अज्ञात बदमाश आए एवं मेरा बैग लूटकर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल थाना प्रभारी अनिता सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंची एवं घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार घटनास्थल के आस-पास के गांव एवं सीमावर्ती जिलों के रास्तों पर जिला पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचित कर नाकाबंदी की गई। रिपोर्ट पर से धारा 309(4)BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी कर लूट में गया मश्रुका बरामद करने हेतु निर्देशित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में 3 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
गठित टीमों के द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर सीसीटीवी फुटेज चेक कर संदिग्धों की फुटेज भी देवास पुलिस द्वारा गांव-गांव में बनाए गए वाट्सएप कम्युनिटी ग्रुप में फॉरवर्ड की गई। आमजन ने उक्त संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर आरोपी सचिन राठौर व अरविन्द उर्फ नाना राठौर को गिरफ्तार कर प्रारंभिक पूछताछ की। उन्होंने बताया, कि अपने दो अन्य साथियों के साथ लूट की योजना बनाकर फरियादी देवराजसिंह के साथ लूट की घटना करना स्वीकार किया।
जब्तशुदा सामग्री-
नगदी 2 लाख 92 हजार 920 रुपए, एक मोबाइल फोन व एक मोटरसाइकिल जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
– सचिन पिता कैलाश राठौर उम्र 20 वर्ष निवासी निवासी ग्राम टिगरिया सांचा।
– अरविन्द उर्फ नाना पिता सुरेश राठौर उम्र 20 साल निवासी ग्राम टिगरिया सांचा थाना बीएनपी।
सराहनीय कार्य-
थाना प्रभारी अनिता सिंह, सउनि दिनेश कुमार शर्मा, रामकुमार चौहान, प्रआर मुकेश यादव, रामेश्वर, आर संजय राठौर, विक्की जुनवाल एवं डायल 100 पायलेट कृष्णपाल सिंह सोलंकी, चालक सुनील परमार का सराहनीय योगदान रहा।




