खेत-खलियान

तालाब पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

Share

 

 

टोंकखुर्द (नन्नू पटेल)। ग्राम चिडावद में स्थित शासकीय सिंचाई विभाग के तालाब पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने कलेक्टर ऋतुराज सिंह को ज्ञापन सौंपकर तालाब से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि तालाब का जल भंडारण क्षेत्र लगभग 90 एकड़ में फैला है, जिसे कुछ अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा कृषि कार्य के लिए उपयोग में लाया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, अतिक्रमणकर्ताओं ने तालाब की पाल को काटकर निजी कुएं से तालाब में स्थाई पाइपलाइन गाड़ दी है, साथ ही तालाब का वेस्ट वेयर भी खोद दिया गया है। इससे बारिश का पानी तालाब में टिक नहीं पाता और सीधे बाहर निकल जाता है। इससे तालाब की जलधारण क्षमता प्रभावित हो रही है और उसका अस्तित्व संकट में है।

ज्ञापन में कहा, कि जहां एक ओर सरकार जल गंगा अभियान के तहत तालाबों का गहरीकरण कर रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के अतिक्रमण से सरकारी प्रयासों पर पानी फिर रहा है। तालाब की निगरानी के लिए कोई चौकीदार भी नियुक्त नहीं है, जिससे अवैध गतिविधियों पर लगाम नहीं लग पा रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण हटाकर तालाब की स्थिति सुधारने हेतु उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में बाबूलाल त्यागी, बाबूलाल पटेल, जसवंतसिंह राजपूत, झने सिंह, दिलीपसिंह पटेल, दुर्गा प्रसाद यादव, हुकम सिंह, कालूसिंह पटेल, विष्णु प्रसाद, भोपाल सिंह, भगवानसिंह आजाद, चैन सिंह, लाखन सिंह, विष्णु सेठ, अशोक व्यास एवं ज्ञान सिंह सहित कई अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

Back to top button