क्राइम

देवास: टेकरी पर आधी रात हुए हंगामे का मामला, विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला समेत 9 लोगों पर केस दर्ज

Share

 

देवास। शहर की आस्था का केंद्र मानी जाने वाली माता टेकरी पर बीते दिनों आधी रात को हुए हंगामे और मंदिर के पट जबरन खुलवाने के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए इंदौर विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला समेत 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात की है, जब रुद्राक्ष शुक्ला अपने 20 से अधिक साथियों के साथ करीब 12:30 बजे माता चामुंडा देवी के दर्शन करने टेकरी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान रुद्राक्ष और उनके साथियों ने पुजारी के बेटे पर मंदिर के पट खोलने का दबाव बनाया, जिससे कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुजारी के बेटे की शिकायत पर शनिवार को पुलिस ने सबसे पहले देवास निवासी जीतू रघुवंशी के खिलाफ गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।

जैसे-जैसे मामला तूल पकड़ता गया, पुलिस ने आगे की जांच में टेकरी पर लाल बत्ती और हूटर लगी कारों के काफिले के अवैध उपयोग को लेकर वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की। जांच के बाद रुद्राक्ष शुक्ला समेत इंदौर के अमन शुक्ला, हनी, सचिन, उज्जैन के लोकेश चंदवानी, मनीष तेजवानी, अनिरुद्ध सिंह पंवार और देवास के प्रशांत व जीतू रघुवंशी के नाम एफआईआर में शामिल किए हैं।

पुलिस के अनुसार, टेकरी पर पहुंचे कुल 7 वाहनों में से अब तक 4 कारें जब्त कर ली गई हैं। रुद्राक्ष शुक्ला की इंदौर पासिंग कार की जब्ती की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होने की संभावना है।

मामले ने राजनीतिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है, क्योंकि रुद्राक्ष, इंदौर से विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र हैं। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में पुलिस इस मामले में और क्या कार्रवाई करती है और क्या मंदिर परिसर की सुरक्षा और मर्यादा को लेकर कोई नई व्यवस्था बनाई जाती है

Back to top button