Dewas: देर रात पुलिस अधीक्षक का आकस्मिक निरीक्षण, थानों की व्यवस्था परखी

– रात्रि गश्त, हवालात और नाकाबंदी प्वाइंट्स का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
देवास। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने देर रात शहर और आसपास के थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रात्रि गश्त, हवालात की स्थिति और नाकाबंदी व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा देर रात थाना सोनकच्छ, थाना भौंरासा और थाना नाहर दरवाजा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों में मौजूद व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। एसपी ने रात्रि गश्त व्यवस्था का अवलोकन करते हुए पुलिस बल को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही हवालात की सुरक्षा व्यवस्था को भी चेक किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके अलावा देवास शहर में लगाए गए विभिन्न नाकाबंदी प्वाइंट्स का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों की जांच प्रक्रिया और पुलिस की मुस्तैदी को परखा गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के आकस्मिक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।




