• Sat. Apr 19th, 2025

देवास: चंदाना रोड स्थित ढाबे में लगी भीषण आग, 10 लाख तक के नुकसान का अनुमान

ByNews Desk

Apr 15, 2025
Fire in hotel
Share

देवास। शहर के चंदाना रोड पर स्थित एक ढाबे में सोमवार रात भीषण आग लग गई, जिससे ढाबे में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि आस-पास के लोग भी घबरा गए। दमकल को आग बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में करीब 8 से 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चंदाना रोड की है, जहां दीपक पटेल नामक व्यक्ति का ढाबा स्थित है। ढाबा संचालक दीपक पटेल ने बताया कि रोज़ की तरह रात करीब 1 बजे उन्होंने ढाबा बंद किया और अपने गांव मेंढकी चक स्थित घर लौट गए थे। लेकिन तड़के करीब 3 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि ढाबे में आग लगी है और आग की लपटें काफी तेज हैं।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ढाबे का पूरा ढांचा, फर्नीचर, रसोई के उपकरण, खाद्य सामग्री, बिजली का सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह जल चुकी थीं। ढाबा संचालक का कहना है कि आग इतनी तेज थी कि कुछ भी नहीं बच पाया।

इस आगजनी को लेकर ढाबा संचालक ने दो लोगों पर जानबूझकर आग लगाने का संदेह जताया है। दीपक पटेल के अनुसार, रात करीब 12 बजे दो व्यक्ति ढाबे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विवाद किया था। विवाद इतना बढ़ा कि जाते-जाते दोनों ने गुस्से में यह धमकी दी थी।

संचालक ने इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को भी दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और कर जांच प्रारंभ कर दी है।

इस हादसे के बाद ढाबा संचालक और उनके परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ढाबा कई वर्षों से संचालित हो रहा था और वहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खाना खाने के लिए आते थे। यह आग न केवल आर्थिक क्षति है, बल्कि एक मेहनतकश परिवार की रोज़ी-रोटी पर भी बड़ा आघात है।