• Sat. Apr 19th, 2025

संत आसाराम बापू का 89वां अवतरण दिवस उल्लासपूर्वक मनाएंगे

ByNews Desk

Apr 15, 2025
Share

देवास। गुरु भक्ति योग में आता है कि शिष्य को अपने गुरुदेव का अवतरण दिवस बहुत धूमधाम से मनाना चाहिए। इसी भावना को ध्यान में रखकर देवास में संत आसाराम बापू का अवतरण दिवस 19 अप्रैल को भावभक्ति पूर्वक, विश्व सेवा सत्संग दिवस के नाम से मनाया जाएगा।

श्री योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में युवा सेवा संघ के संचालन में व महिला उत्थान मंडल के सहयोग से यह पर्व 12 अप्रैल चैत्र पूर्णिमा से प्रारंभ हो गया है एवं अपने विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से 20 अप्रैल रविवार को साहित्य वितरण के साथ संपन्न होगा।

उक्त जानकारी देते हुए समिति के बीडी जामनेरा ने बताया कि 12 अप्रैल को आश्रम पर भक्तों की उपस्थिति के बीच सुबह से ही उत्सव प्रारंभ हो गया। सफाई एवं सजावट सेवा के पश्चात, ऑडियो-वीडियो सत्संग प्रारंभ हुआ। ध्यान-भजन कीर्तन हुआ। श्री आशा रामायण का पाठ किया गया। आरती एवं प्रसादी के साथ संपन्न हुआ।

13 तारीख रविवार को आश्रम पर ध्यान-भजन के साथ श्री आसारामायण पाठ हुआ एवं समिति सेवादारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें उत्सव मनाने संबंधित विभिन्न निर्णय लिए गए। इसी तरह प्रतिदिन अवतरण दिवस, संबंधित सेवा करते हुए भाई-बहन भक्तिपूर्वक, विश्व सेवा सत्संग दिवस मनाएंगे।

जैसे 89 दीपक लाकर शुद्ध करके रंग रोगन के साथ सजाएंगे। नगर में भी साहित्य वितरण एवं फल वितरण किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 19 अप्रैल को आश्रम पर सुबह 9 बजे से आयोजित होगा। सजावट के साथ जप, ध्यान, बड़बादशाह के साथ पूर्ण आश्रम में पादुका परिक्रमा, ऑडियो-वीडियो सत्संग, भजन-कीर्तन होंगे। तत्पश्चात मानस पूजन एवं पादुका पूजन होगा। श्री आसारामायण का पाठ होगा। छप्पन भोग का भी आयोजन रहेगा। ठीक 12 बजे 89 दीपक लगाकर जगमगाहट के साथ भजन नृत्य करते हुए जन्मोत्सव मनाएंगे। भंडारा प्रसादी प्रारंभ होगी, जो कि दिवस पर्यंत चलती रहेगी।

20 अप्रैल को महात्मा गांधी मार्ग तहसील चौराहे के पास शरबत वितरण एवं आश्रम का साहित्य वितरण किया जाएगा। वितरण सेवा दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होकर दिवस पर्यंत चलेगी। उक्त जानकारी देते हुए युवा सेवा संघ के अभिषेक जोशी ने बताया कि गुरुदेव का जन्मदिवस पूरे विश्व में, विश्व सेवा सत्संग दिवस, के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जगह-जगह कार्यक्रम हो रहे हैं।