ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों की सट्टा पर्चियां जब्त

उदयनगर के रामपुरा क्षेत्र में घर से चल रहा था सट्टे का अवैध कारोबार, आरोपी गिरफ्तार
उदयनगर। देवास जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उदयनगर क्षेत्र में एक घर पर छापेमारी कर लाखों रुपए की सट्टा पर्चियां जब्त की गई हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पूरे जिले में “ऑपरेशन प्रहार” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 25 मार्च को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उदयनगर थाना क्षेत्र के रामपुरा स्थित जोशी कॉलोनी में पप्पू रावत अपने घर में सट्टा पर्ची लिखवाकर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एचएन बाथम के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी बागली संजयसिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी उदयनगर उनि विजेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी के घर के कमरे से बड़ी मात्रा में सट्टा पर्चियां, सट्टे के हिसाब-किताब के पर्चे तथा लीड पेन जब्त किए। पुलिस ने पप्पू के खिलाफ थाना उदयनगर में धारा 4(क) जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




