मंडी प्रांगण में ट्रॉलियों पर मंडी प्रशासन ने लगाई रेडियम

– रात में दूर से ही चमकेंगे किसानों के वाहन, सुरक्षा को प्राथमिकता
देवास। शासन के निर्देशानुसार एवं वरिष्ठालय मंडी बोर्ड भोपाल तथा संयुक्त संचालक के मार्गदर्शन में, कलेक्टर द्वारा आयोजित टीएल बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में मंडी प्रांगण में किसानों की ट्रॉलियों एवं वाहनों पर रेडियम पट्टी लगाने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य मंडी कर्मचारियों एवं अधिकारियों के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे किसानों को सुरक्षित आवागमन में सहायता मिल सके।
मंडी सचिव आरके साकेत ने बताया, कि किसानों को अपनी उपज बेचने के बाद देर शाम तक मंडी में रहना पड़ता है। अंधेरा होने के कारण उनके वाहन सड़कों पर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा, किसानों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। रेडियम पट्टी लगाने से उनके वाहन अंधेरे में भी चमकते रहेंगे, जिससे सड़क पर अन्य वाहन चालकों को यह आसानी से दिखाई देंगे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो जाएगी। हमने यह सुनिश्चित किया है कि मंडी चेक पोस्ट पर ही किसानों के वाहनों पर रेडियम पट्टी लगाई जाए, ताकि वे सुरक्षित घर लौट सकें।
रबी सीजन में मंडी में बढ़ी आवक-
वर्तमान में रबी सीजन के चलते मंडी में प्रतिदिन 40 से 50 हजार बोरी की आवक हो रही है। साथ ही, 1,500 से 2,500 वाहनों का प्रतिदिन मंडी में प्रवेश हो रहा है। इस भीड़भाड़ के बीच सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रांगण प्रभारी महेंद्रसिंह मंडोरिया ने बताया,
यह पहल किसानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। रेडियम पट्टी लगने से उनके वाहन दूर से ही दिखाई देंगे और सड़क पर सुरक्षित सफर कर सकेंगे। हमने मंडी प्रांगण में आने वाले सभी वाहनों पर रेडियम पट्टी लगाने का लक्ष्य रखा है, ताकि कोई भी वाहन बिना सुरक्षा के बाहर न जाए।
इस कार्य में मंडी के विक्रमसिंह डाबर, राजेश लशकन, अरुण यादव, निशांत व्यास, अजय मकवाना, डीके बघेल और रमेश मालवीय का विशेष योगदान रहा। इन सभी ने मिलकर किसानों के वाहनों पर रेडियम पट्टी लगाने में सहयोग किया, जिससे मंडी क्षेत्र में दुर्घटना के खतरे को कम किया जा सके।
किसानों ने जताया आभार-
किसानों ने इस पहल की सराहना की और मंडी प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि यह छोटा सा प्रयास उनकी सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।




