फूड फेस्टिवल में बच्चों ने परोसा स्वाद और सेहत का खजाना

– अपने हाथों से तैयार किए गुलाब जामुन, ब्रेड पकोड़े, पानीपूरी, फ्रूट सलाद, लस्सी सहित कई व्यंजन
देवास। शासकीय माध्यमिक विद्यालय महाकाल कॉलोनी में आयोजित फूड फेस्टिवल में विद्यार्थियों ने अपने हाथों से स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर न सिर्फ पाक-कला का प्रदर्शन किया, बल्कि पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को संतुलित आहार और पोषण के महत्व से अवगत कराना था।
फूड फेस्टिवल में बच्चों ने फ्रूट सलाद, पानीपूरी, ब्रेड पकोड़े, आलू बड़े, गुलाब जामुन, पॉपकॉर्न, भेल, भजिए, लस्सी सहित कई स्वादिष्ट और पोषणयुक्त व्यंजन तैयार किए। इस दौरान बच्चों को बताया गया, कि भोजन में विविधता क्यों जरूरी है और संतुलित आहार से शरीर कैसे स्वस्थ रहता है।
अतिथियों ने सराहा बच्चों का प्रयास-
कार्यक्रम का शुभारंभ देवास चाइल्ड वर्ल्ड स्कूल के प्रिंसिपल सैयद काशिफ हुसैन, नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन के अरुण तोमर और शाहनवाज खान द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने बच्चों के द्वारा बनाए गए व्यंजनों का स्वाद चखा और उनकी सराहना की।

भोजन की बर्बादी न करने का संकल्प-
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार और पोषण से जुड़ी गहन जानकारी दी गई। उन्हें यह समझाया गया कि हमारे शरीर को ऊर्जा और विकास के लिए प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स, कार्बोहाइड्रेट और फाइबर जैसे पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। अतिथियों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए पोषणयुक्त भोजन आवश्यक है, और हमें अन्न का एक भी दाना व्यर्थ नहीं करना चाहिए। इस आयोजन में विद्यालय परिवार के शकुंतला मालवीय, प्रियंका गौड़, राजेश चौहान, पूजा मालवीय, भारती पवार सहित कई अभिभावक भी उपस्थित रहे।
स्वाद के साथ सेहत का पाठ-
प्रधान अध्यापक महेश सोनी ने बताया, कि इस फूड फेस्टिवल के माध्यम से बच्चों ने न केवल खाना बनाने की कला सीखी, बल्कि पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व को भी समझा। इसके अलावा, सभी विद्यार्थियों को अन्न की बर्बादी न करने और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।




