आईफोन देख डगमगा गया ईमान

– कस्टमर ने ऑर्डर रद्द किया तो कंपनी में फोन जमा करने की बजाय चोरी से ले गया घर
– पुलिस ने अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को भेजा जेल
देवास। एक आईफोन ने कर्मचारी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। ग्राहक द्वारा रद्द किए गए ऑर्डर के बाद कंपनी का आईफोन जमा करने की बजाय घर ले जाना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर तत्परता से कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 24 मई को फरियादी महेन्द्रसिंह सिसोदिया ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 4 मई को एक ग्राहक आकाश देवड़ा द्वारा ऑर्डर किया गया Apple iPhone 13 Midnight 128 GB कीमत 43,108 जो कस्टमर द्वारा रद्द कर दिया गया था। डिलीवरी बॉय ने यह फोन ऑफिस में जमा कर दिया। जिसे अनुराग गुजराती नामक कर्मचारी ने मदर हब डकाच्या क्षिप्रा भेजे बिना अपने पास रख लिया। 9 मई को आरोपी अनुराग ऑफिस से उक्त मोबाइल को चोरी कर अपने घर ले गया।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष निर्देश दिए गए थे, जिस पर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई कर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किए गए। तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
कंपनी द्वारा रिकंसीलेशन के दौरान मोबाइल का पता न चलने पर सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को मोबाइल चोरी करते हुए देखा गया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल को अपने घर रखना स्वीकार किया। आरोपी अनुराग गुजराती उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम नेवरी थाना हाटपीपल्या के विरुद्ध धारा 316(4) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर मोबाइल जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।
सराहनीय भूमिका- थाना प्रभारी उनि विजय सोनी, गोविन्द बड़ोलिया, प्रआर तेजसिंह की सराहनीय भूमिका रही।




